Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ट्रंप और पाक आर्मी चीफ की बंद कमरे में मुलाकात, आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल प्राइज देने की वकालत, बोले- उन्होंने भारत-पाक युद्ध रुकवाया

Follow on Google News
ट्रंप और पाक आर्मी चीफ की बंद कमरे में मुलाकात, आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल प्राइज देने की वकालत, बोले- उन्होंने भारत-पाक युद्ध रुकवाया
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर के बीच व्हाइट हाउस में बंद कमरे में मुलाकात हुई। यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख को आधिकारिक रूप से व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया हो।

भारत-पाक संघर्ष को रोकने के लिए ट्रंप को नोबेल देने की वकालत

जनरल आसिम मुनीर ने हाल ही में दिए एक बयान में ट्रंप को भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए संघर्ष को रोकने का श्रेय दिया था और कहा था कि ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। इस बयान के बाद ही ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस लंच पर बुलाया। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने पुष्टि की कि यह मुलाकात मुनीर के बयान के सम्मान में हुई थी।

दोनों ने साथ में किया लंच, ट्रंप ने की मुनीर की खुलेआम तारीफ

ट्रंप और मुनीर की यह मुलाकात व्हाइट हाउस के कैबिनेट रूम में हुई, जहां दोनों नेताओं ने साथ लंच किया और दक्षिण एशिया में शांति बनाए रखने पर बातचीत की। बाद में व्हाइट हाउस लॉन में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुनीर ने पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष रोकने में अहम भूमिका निभाई। वो नहीं चाहते थे कि ये परमाणु युद्ध में बदले।”

भारत की आपत्ति- सीजफायर भारत-पाक बातचीत से हुआ, न कि किसी मध्यस्थता से

इसी दिन कुछ घंटे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप से फोन पर करीब 35 मिनट बात की थी। मोदी ने स्पष्ट किया कि 7 से 10 मई तक चले ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच हुई सीधी बातचीत से ही सीजफायर हुआ था, न कि किसी बाहरी हस्तक्षेप से।

ट्रंप बोले- मुनीर और मोदी दोनों समझदार नेता

ट्रंप ने आगे कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही परमाणु ताकतें हैं और उनकी सरकारें इस टकराव को टालने में समझदारी दिखा रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं पीएम मोदी और जनरल मुनीर दोनों को धन्यवाद देता हूं। ये दो बहुत चतुर लोग हैं, जिन्होंने संभावित परमाणु युद्ध को रोकने का फैसला किया।” ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान के साथ व्यापार समझौते पर काम कर रहा है। ट्रंप और मुनीर के बीच बातचीत में ईरान-इजराइल संघर्ष और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक साझेदारी भी अहम मुद्दे रहे। ट्रंप ने इस पर कहा कि पाकिस्तान की भूमिका आने वाले समय में और महत्वपूर्ण हो सकती है।

वॉशिंगटन में पाकिस्तानी समुदाय ने किया मुनीर का विरोध

इस मुलाकात से एक दिन पहले जनरल मुनीर ने वॉशिंगटन में पाकिस्तानी समुदाय को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह पहलगाम हमले के बहाने सीमा उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने कहा, "हम शहादत स्वीकार करेंगे, लेकिन अपमान नहीं।" हालांकि, इस कार्यक्रम में मौजूद अमेरिकी-पाकिस्तानी नागरिकों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्हें तानाशाह और कातिल तक कहा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुनीर ने पाकिस्तान में लोकतंत्र का गला घोंटा है और मानवाधिकारों का उल्लंघन किया है।  
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts