PlayBreaking News

TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह:कल्याण बनर्जी का ममता को अल्टीमेटम, बोले- मुझे चुनें या अभिषेक को

तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज हो गई है जहां तीसरे राज्यसभा सांसद ने भी इस्तीफा दे दिया है। वहीं वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीधा अल्टीमेटम दिया है कि उन्हें मेरे और अभिषेक बनर्जी के बीच किसी एक को चुनना होगा।
Follow on Google News
कल्याण बनर्जी का ममता को अल्टीमेटम, बोले- मुझे चुनें या अभिषेक को

पश्चिम बंगाल की सियासत में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने गुरुवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि अब ममता बनर्जी को तय करना होगा कि वे उनके साथ हैं या फिर अभिषेक बनर्जी के साथ। उनके इस बयान ने पार्टी में चल रहे विवाद को और गहरा कर दिया है। कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन्हें फर्जी हस्ताक्षर मामले से अचानक हटा दिया गया और आधी रात को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने इसे अपना अपमान बताते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना नहीं जानते और उनके व्यवहार में अहंकार साफ दिखाई देता है।

कल्याण बनर्जी बोले- अभिषेक की वजह से पार्टी बर्बाद हुई

मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने कभी उन पर भरोसा नहीं किया और आगे भी नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के मौजूदा हालात के लिए अभिषेक जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुभवी नेताओं को किनारे किया जा रहा है और एक नई टीम तैयार करने की कोशिश हो रही है जिससे संगठन कमजोर पड़ता जा रहा है।

चार दिन में तीन राज्यसभा सांसदों ने छोड़ी पार्टी

इसी बीच TMC को एक और बड़ा झटका लगा। राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने भी पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पिछले चार दिनों में TMC के तीन राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं। इससे पहले 10 जून को सुष्मिता देव ने पार्टी छोड़ी थी जबकि 8 जून को सुखेंदु शेखर ने भी इस्तीफा दिया था। अब तक TMC के लोकसभा के 28 में से 20 सांसद और राज्यसभा के 13 में से 3 सांसद पार्टी से अलग हो चुके हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के 80 में से 58 विधायक भी अलग गुट बना चुके हैं।

प्रकाश चिक बोले- जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में था

इस्तीफे के बाद प्रकाश चिक बड़ाईक ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया था और पार्टी उस भरोसे पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा कि उनके अपने क्षेत्र में भी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। उत्तर बंगाल में भी परिणाम खराब रहे। ऐसे में उन्हें लगा कि पद पर बने रहना उचित नहीं है। हालांकि उन्होंने अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया लेकिन कहा कि समय आने पर सब कुछ साफ हो जाएगा।

कल्याण बनर्जी के बेटे ने भी अभिषेक पर साधा निशाना

कल्याण बनर्जी के बेटे शिरसान्य बंदोपाध्याय ने भी अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभिषेक किसी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं और पार्टी के भीतर नई लाइन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुराने और अनुभवी नेता हट जाएंगे तो संगठन चलाना मुश्किल हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: TMC को एक और झटका : राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक का इस्तीफा, 4 दिन में तीसरे सांसद ने छोड़ा ममता का साथ

प्रतिमा मंडल ने NDA में जाने की अटकलें खारिज कीं

वहीं TMC सांसद प्रतिमा मंडल ने खुद के NDA में शामिल होने की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसी पत्र में उनके हस्ताक्षर हैं तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि वे 2029 तक TMC के साथ ही रहेंगी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी को दी बधाई

TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि मोदी देश और समाज के मार्गदर्शक हैं और वे उनके लंबे एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: सेंट्रल जेल पहुंची महिला आयोग की टीम, जेल में 'द प्रेग्नेंट किंग' पढ़ती मिलीं गिरिबाला सिंह

अभिषेक बनर्जी को CID के सामने पेश होने का निर्देश

कलकत्ता हाईकोर्ट ने फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी को तीन हफ्तों की अंतरिम राहत दी है। कोर्ट ने उनके खिलाफ किसी भी सख्त कार्रवाई पर रोक लगा दी है। हालांकि अदालत ने उन्हें गुरुवार शाम 6 बजे तक कोलकाता स्थित CID मुख्यालय भवानी भवन में पेश होकर जांच में शामिल होने का निर्देश दिया है। जानकारी के मुताबिक अभिषेक दिल्ली से कोलकाता पहुंचने के बाद CID के सामने पेश होंगे।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

मास कम्युनिकेशन में Ph.D और M.Phil पूर्ण की है तथा टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts