चार दिन, चार इस्तीफे…राज्यसभा में ममता को बड़ा झटका, एक्ट्रेस-सांसद कोयल मल्लिक ने भी छोड़ा दीदी का साथ

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पार्टी के भीतर असंतोष अब खुलकर सामने आ रहा है और कई बड़े नेता एक-एक कर इस्तीफा दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में जो राजनीतिक घटनाक्रम सामने आए हैं, उसने TMC की संगठनात्मक मजबूती पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
चार दिनों में चार इस्तीफे
गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा जब राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक और अभिनेत्री-सांसद कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही पिछले चार दिनों में कुल चार राज्यसभा सांसद TMC से दूरी बना चुके हैं। इससे पहले सुखेंदु शेखर राय और सुष्मिता देव भी इस्तीफा देकर पार्टी और संसद की सदस्यता छोड़ चुके हैं। इस तेजी से हो रहे इस्तीफों ने राज्यसभा में TMC की स्थिति को कमजोर कर दिया है और पार्टी का गेम बिगड़ता नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: बदलते राजनीतिक हालात में क्या है TMC का भविष्य: तृणमूल कांग्रेस को सहारा देगी कांग्रेस या बढ़ेंगी मुश्किलें?
इस्तीफे के पीछे क्या वजह बताई गई?
प्रकाश चिक बड़ाईक ने इस्तीफा देने के बाद कहा कि हालिया चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान करते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह तृणमूल कांग्रेस से अलग हो रहे हैं और भविष्य में वह मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार ही काम करेंगे।
बड़ाईक को कभी पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता था। उन्हें 2023 में राज्यसभा भेजा गया था और 2024 लोकसभा चुनाव में अलीपुरद्वार से उम्मीदवार भी बनाया गया था। अब उनके इस्तीफे को पार्टी के अंदर बढ़ते असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है।
कोयल मल्लिक का इस्तीफा बड़ा झटका
अभिनेत्री और सांसद कोयल मल्लिक के इस्तीफे ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्हें इसी साल फरवरी में राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया था और अप्रैल में उन्होंने सांसद पद की शपथ ली थी। राजनीति में कदम रखते समय उन्होंने इसे जनसेवा का माध्यम बताया था, लेकिन अब उनके इस्तीफे ने पार्टी के अंदर अस्थिरता को और उजागर कर दिया है। उनका अचानक इस्तीफा TMC के लिए एक रणनीतिक और भावनात्मक दोनों तरह का झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'दीदी ने मेरा साथ दिया, मैं...'! TMC में बगावत की चर्चा के बीच शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा बयान
कौन है कोयल मल्लिक?
कोयल मल्लिक एक भारतीय अभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में काम करती हैं। वह अपने शांत अभिनय, मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस और पारिवारिक फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। कोयल ने कई हिट बंगाली फिल्मों में काम किया है और उन्हें इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में गिना जाता है। उनकी फिल्मों में रोमांस, ड्रामा और सामाजिक मुद्दों पर आधारित कहानियाँ शामिल रहती हैं, जिनमें उन्होंने अपनी एक्टिंग से खास पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता बंगाल में काफी मजबूत है और वह अपनी सादगी और प्रोफेशनल छवि के लिए भी पहचानी जाती हैं।
13 से घटकर 9 पर पहुंची संख्या
लगातार इस्तीफों के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की संख्या 13 से घटकर अब 9 रह गई है। यह गिरावट पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से बेहद गंभीर मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में कुछ और सांसद भी पार्टी छोड़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो संसद में TMC की स्थिति और कमजोर हो सकती है। लोकसभा में भी स्थिति स्थिर नहीं मानी जा रही है, जहां कुछ सांसदों के असंतुष्ट खेमे में जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही है।
पार्टी में सायोनी घोष की भूमिका को लेकर असमंजस
TMC की युवा नेता और सांसद सायोनी घोष को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है। पार्टी के भीतर चल रहे विवाद के बीच उनका नाम उन नेताओं में शामिल किया जा रहा है जो कथित तौर पर असंतुष्ट खेमे के संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने अब तक खुलकर कोई बयान नहीं दिया है, जिससे स्थिति और रहस्यमय हो गई है।
दिल्ली बैठक के बाद बढ़ी अटकलें
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर एक अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में सायोनी घोष, माला राय, यूसुफ पठान, प्रतिमा मंडल और मिताली बाग जैसे नेता मौजूद थे। बाद में शुभेंदु अधिकारी के भी वहां पहुंचने की बात सामने आई, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
कोलकाता लौटकर भी चुप रहीं सायोनी घोष
इन तमाम अटकलों के बीच गुरुवार को सायोनी घोष कोलकाता लौटीं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने उनसे लगातार सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। टोपी और मास्क पहने हुए वह बिना कुछ बोले सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गईं।











