पन्ना में बाघ की दहशत और रोमांच का दृश्य, नेशनल हाईवे-39 पर रिमझिम बारिश में सड़क पार करता दिखा बाघ, पर्यटक हुए रोमांचित

पन्ना में बाघ की दहशत और रोमांच का दृश्य, नेशनल हाईवे-39 पर रिमझिम बारिश में सड़क पार करता दिखा बाघ, पर्यटक हुए रोमांचित

पन्ना। नेशनल हाईवे-39 पर शुक्रवार शाम एक अद्भुत और रोमांचक नजारा देखने को मिला, जब छतरपुर-पन्ना मार्ग स्थित पांडव फॉल के पास एक बाघ अचानक सड़क पार करता नजर आया।

रिमझिम बारिश के बीच जंगल से निकलकर बाघ जब मुख्य सड़क पर आया, तो वहां मौजूद राहगीर और पर्यटक चौंक गए और वाहनों के पहिये थम गए। पर्यटकों ने इस रोमांचक पल को अपने कैमरों में कैद कर लिया। बाघ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बारिश में जंगल से सड़क पर उतरा बाघ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाघ सड़क पर नजर आया, वहां मौजूद पर्यटकों और राहगीरों में हलचल मच गई। हालांकि, बाघ शांत चाल में सड़क पार करता रहा और फिर धीरे-धीरे जंगल की ओर लौट गया। इस दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। लोग इस रोमांचक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बारिश में बंद हुआ टाइगर रिजर्व का कोर एरिया

पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र को बारिश के कारण पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके चलते जंगल का वातावरण पूरी तरह शांत हो गया है। माना जा रहा है कि इसी वजह से वन्यजीवों की गतिविधियां सड़क और बाहरी इलाकों की ओर बढ़ने लगी हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पन्ना का जंगल जीवंत और बाघों से भरपूर है।

पर्यटन प्रेमियों में बढ़ा उत्साह

इस दृश्य को देखने वाले पर्यटकों के लिए यह एक यादगार अनुभव बन गया। बाघ की मदमस्त चाल, बारिश की फुहारें और पृष्ठभूमि में हरियाली ने इस पल को बेहद खास बना दिया। वहीं, वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्क रहें और वन्यजीवों से उचित दूरी बनाए रखें।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts