Guna News : लापता तीन नाबालिग बहनें 41 घंटे बाद मिलीं, आइसक्रीम खाने के लिए निकली और नानी के घर जा पहुंचीं

गुना। शहर की नजूल कॉलोनी से आइसक्रीम लेने निकलीं तीन नाबालिग बहनों के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई थी, लेकिन गुरुवार दोपहर को उनके सकुशल आरोन क्षेत्र में नानी के घर पर मिलने की सूचना से परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह ही गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी थी।
घर नहीं लौटीं, परिजनों में मची घबराहट
दरअसल, यह घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है, जब रामबाबू सहरिया की तीन बेटियां रोशनी (17), काजल (16) और मानसी (14) आइसक्रीम लेने मोहल्ले की दुकान गई थीं, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने मोहल्ले की दुकान पर पूछताछ की, जहां दुकानदार ने बताया कि लड़कियां वहां आई ही नहीं थीं। इसके बाद परिजन रातभर उन्हें ढूंढते रहे और बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।





















