🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

'द ट्रेटर्स 2' का ट्रेलर रिलीज, करण जौहर के गेम में मल्लिका-रिया से मुनव्वर तक 21 सितारों की होगी टक्कर

प्राइम वीडियो ने 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। करण जौहर एक बार फिर होस्ट के रूप में लौटे हैं। मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, रिया चक्रवर्ती समेत 21 सेलिब्रिटी इस बार भरोसे, धोखे और रणनीति के खेल में उतरेंगे। शो का प्रीमियर 13 अगस्त से होगा और हर गुरुवार नया एपिसोड आएगा।
Follow on Google News
'द ट्रेटर्स 2' का ट्रेलर रिलीज, करण जौहर के गेम में मल्लिका-रिया से मुनव्वर तक 21 सितारों की होगी टक्कर
करण जौहर के गेम शो 'द ट्रेटर्स 2' का दमदार ट्रेलर आ गया है, जिसमें मल्लिका शेरावत, रिया चक्रवर्ती और मुनव्वर फारूकी सहित 21 सितारे एक-दूसरे से भिड़ते दिखेंगे।

प्राइम वीडियो की चर्चित रियलिटी सीरीज 'द ट्रेटर्स' दूसरे सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। शो का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें पहले से कहीं ज्यादा सस्पेंस, धोखा, रणनीति और दिमागी खेल देखने को मिल रहा है। एक बार फिर फिल्ममेकर करण जौहर शो के होस्ट और मास्टरमाइंड की भूमिका में नजर आएंगे। इस बार गेम सिर्फ खिलाड़ियों के बीच नहीं होगा, बल्कि हर रिश्ता, हर दोस्ती और हर फैसला शक के दायरे में होगा। 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त से भारत में सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा। इसके नए एपिसोड हर गुरुवार रिलीज किए जाएंगे।

जैसलमेर के सूर्यगढ़ पैलेस में सजेगा धोखे का खेल

इस बार भी शो की शूटिंग राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में हुई है। ट्रेलर की शुरुआत इसी शाही महल से होती है, जहां हर चेहरा मुस्कुराता जरूर है, लेकिन किसी पर भरोसा करना सबसे बड़ा जोखिम है। ट्रेलर में करण जौहर कहते हैं कि यह महल सपने जैसा लगता है... और मैं उस सपने को बुरे सपने में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता। उनका यह संवाद साफ कर देता है कि इस बार गेम पहले से ज्यादा मुश्किल, अनप्रेडिक्टेबल और मानसिक दबाव से भरा होने वाला है। इस सीजन में करण जौहर के साथ एक नया रहस्यमयी किरदार 'बू' भी दिखाई देगा, जो खिलाड़ियों के लिए 'बुरी खबर' लेकर आएगा।

21 सेलिब्रिटी दिखाएंगे दिमाग और रणनीति का दम

इस बार शो में मनोरंजन, सोशल मीडिया, फैशन और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 21 चर्चित चेहरे हिस्सा ले रहे हैं। इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों का एक ही लक्ष्य होगा-अपनी असली पहचान छिपाकर या दूसरों की पहचान उजागर कर आखिर तक गेम में बने रहना और बड़ी इनामी राशि अपने नाम करना।

इस बार गेम में होंगे नए ट्विस्ट और मुश्किल टास्क

ट्रेलर से साफ है कि इस बार सिर्फ बातचीत और वोटिंग ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को कई कठिन टास्क का भी सामना करना होगा। 'सर्कल ऑफ शक', गुप्त गठजोड़, अचानक बदलते समीकरण और टावर में होने वाले 'मर्डर' जैसे ट्विस्ट गेम को और रोमांचक बनाएंगे। गेम में दो टीम होंगी-इनोसेंट्स और ट्रेटर्स। इनोसेंट्स की कोशिश होगी कि वे समय रहते ट्रेटर्स की पहचान कर उन्हें गेम से बाहर करें। वहीं ट्रेटर्स अपनी पहचान छिपाकर एक-एक कर इनोसेंट खिलाड़ियों को बाहर करने की रणनीति बनाएंगे। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, दोस्तियां टूटेंगी, भरोसा कमजोर होगा और खिलाड़ियों को ऐसे फैसले लेने पड़ेंगे जो पूरे गेम का रुख बदल सकते हैं।

Breaking News

करण जौहर बोले- इस बार खिलाड़ियों ने मुझे भी चौंका दिया

शो को लेकर करण जौहर ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों ने जिस तरह का प्यार दिया, उससे साफ हो गया कि लोग पारंपरिक रियलिटी शो से अलग कुछ नया देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 'द ट्रेटर्स' का पहला सीजन बाकी रियलिटी कंटेंट से अलग अपनी पहचान बनाने में सफल रहा। दूसरे सीजन में हमारी कोशिश थी कि गेम को और बड़ा, ज्यादा शार्प और पहले से भी ज्यादा अनप्रेडिक्टेबल बनाया जाए। करण ने आगे कहा कि इस बार खिलाड़ी पहले से ही गेम के ट्विस्ट और नियमों को समझकर आए थे। उनके पास अपनी रणनीतियां थीं और कई बार उनकी चालाकी ने मुझे भी हैरान कर दिया। इस सीजन में दोस्तियां टूटती हैं, भरोसा शक में बदल जाता है और कई ऐसे फैसले देखने को मिलते हैं, जिन्होंने मुझे सच में चौंका दिया। जब आपको लगता है कि आपने गेम समझ लिया है, तभी यह सबकुछ बदल देता है। उन्होंने यह भी कहा कि होस्ट होने के बावजूद उन्होंने कई ऐसे पल अपनी आंखों के सामने देखे, जिनकी उन्हें भी उम्मीद नहीं थी।

ट्रेलर से पहले ऐसे हुआ था खिलाड़ियों का खुलासा

ट्रेलर रिलीज होने से पहले प्राइम वीडियो ने 'डाइनिंग थिएटर ऑफ ट्रेचरी' नाम के एक खास चार-कोर्स एक्सपीरियंस के जरिए सभी 21 खिलाड़ियों की घोषणा की थी। इसके बाद से ही दर्शकों में शो को लेकर उत्सुकता बढ़ गई थी। अब ट्रेलर ने यह साफ कर दिया है कि इस बार सिर्फ टास्क ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की रणनीति, कमजोर गठजोड़ और मानसिक खेल ही जीत-हार तय करेंगे।

Meta पर अमेरिकी कोर्ट का ₹9,030 करोड़ का जुर्माना, कहा- सोशल मीडिया से युवाओं की मेंटल हेल्थ पर पड़ा बुरा असर

13 अगस्त से शुरू होगा भरोसे और धोखे का असली मुकाबला

'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त को सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा। हर गुरुवार नए एपिसोड रिलीज किए जाएंगे। ट्रेलर ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार गेम में सिर्फ चालाक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि मजबूत मानसिक संतुलन और सही समय पर सही फैसला लेने वाला प्रतियोगी ही अंत तक टिक पाएगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

icon

Latest Posts