‘सा रे गा मा पा 2026’ में चिल्ड्रन्स डे का खास जश्न, माता-पिता के साथ मंच पर सुर लगाएंगे कंटेस्टेंट्स

जी टीवी का सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ इन दिनों दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रहा है। शो की टैगलाइन ‘हिंदुस्तान का संगीतस्तान’ की तरह यहां देशभर के शानदार सिंगर्स अपनी आवाज और हुनर से संगीत का जादू बिखेर रहे हैं। इस हफ्ते शो में दर्शकों को मनोरंजन के साथ इमोशन और जबरदस्त मुकाबला भी देखने को मिलेगा। दरअसल, चिल्ड्रन्स डे के खास मौके पर शो में एक म्यूजिकल सेलिब्रेशन होने जा रहा है। इसमें कंटेस्टेंट्स अपने माता-पिता के साथ मंच पर गाना गाते नजर आएंगे। वहीं, दूसरी ओर शो में अब ‘टॉप 10: सुरों की जंग’ का आगाज होने वाला है, जहां कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला और भी कड़ा हो जाएगा।
पिता के साथ पहली बार गाना गाएंगे मीर
चिल्ड्रन्स डे के खास एपिसोड की शुरुआत मीर और उनके पिता की शानदार परफॉर्मेंस से होगी। दोनों पहली बार एक साथ मंच पर ‘केसरिया बालम’ गाते नजर आएंगे। उनकी यह प्रस्तुति सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि परिवार में संगीत की सात पीढ़ियों से चली आ रही विरासत की झलक भी दिखाएगी। इस खास परफॉर्मेंस के जरिए यह देखने को मिलेगा कि कैसे एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक संगीत का प्यार और हुनर आगे बढ़ता है। पिता और बेटे की यह जुगलबंदी दर्शकों के लिए बेहद खास होने वाली है।
शिवानी की परफॉर्मेंस ने जावेद अली को किया हैरान
शो में शिवानी भी अपने पिता के साथ खास प्रस्तुति देंगी। दोनों ‘काहे छेड़े’ गाने पर परफॉर्म करेंगे। उनकी आवाज और शानदार तालमेल देखकर जज जावेद अली इतने प्रभावित हो जाएंगे कि शूटिंग के दौरान उनके मुंह से निकल पड़ेगा, ‘ये क्या देख लिया, मेरे तो रोंगटे खड़े हो गए!’ शिवानी की परफॉर्मेंस के बाद उनके पिता शंकर महादेवन के साथ म्यूजिकल जुगलबंदी भी करेंगे। इस तरह मंच पर संगीत के प्रति दोनों का प्यार और शानदार तालमेल देखने को मिलेगा।
पिता के साथ गीत की भावुक परफॉर्मेंस
चिल्ड्रन्स डे का जश्न उस समय और भी खास हो जाएगा, जब गीत अपने पिता के साथ ‘कैसे पहेली जिंदगानी’ गाने पर प्रस्तुति देंगी। इस दौरान गीत के पिता बताएंगे कि उनकी बेटी के संगीत के सफर ने उन्हें इस बड़े मंच तक पहुंचाया है। पिता और बेटी की यह परफॉर्मेंस परिवार के रिश्ते और संगीत के प्रति उनके प्यार को दिखाएगी। वहीं, कुमार सानू भी मिन्हा फातिमा और उनके पिता के साथ ‘आज मैं ऊपर’ गाने पर खास प्रस्तुति देंगे। इस तरह शो में एक के बाद एक कई यादगार म्यूजिकल पल देखने को मिलेंगे।
अब शुरू होगी टॉप 10 की असली जंग
चिल्ड्रन्स डे के जश्न के साथ ही शो में मुकाबला भी नए मोड़ पर पहुंचने वाला है। ‘टॉप 10: सुरों की जंग’ शुरू होने के बाद कंटेस्टेंट्स के लिए आगे का सफर आसान नहीं रहेगा। टॉप 10 में अपनी जगह बनाए रखने के लिए सभी को अपनी आवाज, गायकी और परफॉर्मेंस से खुद को साबित करना होगा। शो के होस्ट श्रेयस तलपड़े ‘सुरों का रिंग’ पर आधारित एक खास कव्वाली चैलेंज लेकर आएंगे। इसी के साथ ‘फेस ऑफ स्पेशल’ की शुरुआत होगी, जिसमें कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते नजर आएंगे।
इन जोड़ियों के बीच होगा जबरदस्त मुकाबला
इस खास चैलेंज में सबसे पहले अतुल और मीर के बीच ‘छाप तिलक’ गाने को लेकर मुकाबला होगा। वहीं, श्रद्धा और शिवानी ‘घर मोरे परदेसिया’ पर आमने-सामने होंगी। इसके बाद अयान और सहजदीप ‘वो शाम कुछ अजीब थी’ गाने पर अपनी गायकी का दम दिखाएंगे। हर कंटेस्टेंट की कोशिश होगी कि वह अपनी शानदार प्रस्तुति से दूसरे को पीछे छोड़कर टॉप 10 में अपनी जगह मजबूत करे। ऐसे में दर्शकों को एक से बढ़कर एक म्यूजिकल परफॉर्मेंस देखने को मिलेंगी।
अब घर बैठे दर्शक भी खेल सकेंगे संगीत का गेम
‘सा रे गा मा पा 2026’ इस बार सिर्फ टीवी पर गाने सुनने तक सीमित नहीं रहने वाला है। शो ने दर्शकों के लिए एक खास टेक्नोलॉजी आधारित गेमिंग अनुभव भी शुरू किया है, जिसका नाम ‘घर का संगीतस्तान’ रखा गया है। इस गेम के जरिए दर्शक शो देखते हुए खुद भी खेल का हिस्सा बन सकेंगे। इसके लिए शो के दौरान टीवी स्क्रीन पर एक QR कोड दिखाई देगा। दर्शकों को अपने मोबाइल फोन से इस कोड को स्कैन करना होगा। इसके बाद वे सीधे ‘घर का संगीतस्तान’ गेम से जुड़ सकेंगे।
ये भी पढ़ें: गोविंदा के साथ कोमल रानी ने शेयर की रोमांटिक तस्वीरें, भड़कीं राखी सावंत जताई नाराजगी
सही जवाब देकर जीत सकते हैं इनाम
‘घर का संगीतस्तान’ गेम में संगीत से जुड़े कई आसान और मजेदार मल्टीपल चॉइस सवाल पूछे जाएंगे। हर सही जवाब पर खिलाड़ियों को पॉइंट्स मिलेंगे। इन पॉइंट्स के आधार पर वे लीडरबोर्ड में अपनी जगह बेहतर कर सकेंगे। इतना ही नहीं, गेम के आखिर में खिलाड़ियों को इनाम जीतने का मौका भी मिलेगा। यह गेम परिवार के सभी सदस्यों के लिए मनोरंजन के साथ अपने संगीत ज्ञान को परखने और नई बातें सीखने का अच्छा मौका है। यानी अब दर्शक घर बैठे ही शो का हिस्सा बनकर संगीत के इस सफर का मजा ले सकेंगे।
कब और कहां देखें ‘सा रे गा मा पा 2026’?
इस हफ्ते ‘सा रे गा मा पा 2026’ में माता-पिता और बच्चों की खास जुगलबंदी, संगीत की सात पीढ़ियों की विरासत, टॉप 10 के बीच कड़ा मुकाबला और नया इंटरैक्टिव गेम देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर यह एपिसोड संगीत, परिवार, भावनाओं और मनोरंजन का शानदार मेल होने वाला है। ‘सा रे गा मा पा 2026’ हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सिर्फ ज़ी टीवी और हिंदी ज़ी5 पर देखना न भूलें।




















