गोविंदा के साथ कोमल रानी ने शेयर की रोमांटिक तस्वीरें, भड़कीं राखी सावंत जताई नाराजगी

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पिछले कुछ समय से उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्तों में अनबन और अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। इसी बीच कोमल रानी ने सोशल मीडिया पर गोविंदा के साथ कुछ नई तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों से ज्यादा लोगों का ध्यान राखी सावंत के रिएक्शन ने खींच लिया है। राखी ने पोस्ट पर कई गुस्से वाले इमोजी शेयर किए, जिसके बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया।
कोमल रानी ने गोविंदा के साथ शेयर की तस्वीरें
दरअसल, गोविंदा की फिल्म 'रूपा' की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की है। इन तस्वीरों में दोनों एक साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। कोमल लैवेंडर रंग की खूबसूरत साड़ी में दिखाई दे रही हैं, जबकि गोविंदा सफेद शर्ट, मैचिंग ब्लेजर और काली ट्राउजर में नजर आ रहे हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए कोमल ने कैप्शन में लिखा, 'रूपा की खूबसूरत झलक'। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ लोग दोनों की तस्वीरों को पसंद कर रहे हैं और फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, तो कुछ यूजर्स गोविंदा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
राखी सावंत ने क्यों जताई नाराजगी?
कोमल रानी की इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा चर्चा राखी सावंत के कमेंट की हो रही है। राखी ने एक के बाद एक कई लाल रंग के गुस्से वाले इमोजी शेयर किए। उनका यह रिएक्शन देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी तरह-तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए। दरअसल, राखी पहले भी कई बार सुनीता आहूजा के समर्थन में बोल चुकी हैं। वह सार्वजनिक तौर पर गोविंदा को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। ऐसे में कोमल की नई तस्वीरों पर उनका गुस्सा दिखाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
सुनीता आहूजा ने शादी को लेकर क्या कहा था?
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी को करीब 40 साल हो चुके हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आती रही हैं। कुछ दिनों पहले सुनीता ने पिंकविला को दिए होम टूर इंटरव्यू में अपनी शादी और गोविंदा के साथ रिश्ते पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था, '40 साल की शादी है, क्यों नहीं रहेगी? वक्त-वक्त की बात है, वह अपना कर रहे हैं, मैं अपना कर रही हूं। अलग तो इस दुनिया में मुझे और उसे कोई नहीं कर सकता।' सुनीता के इस बयान से साफ था कि उन्हें अपने शादीशुदा रिश्ते पर भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने बाकी बातें भगवान पर छोड़ दी हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनका समर्थन किया था।
कोमल रानी ने भी दिया था जवाब
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कोमल रानी भी अपनी बात रख चुकी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था, 'जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।' हालांकि, कोमल ने इस पोस्ट में सुनीता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि निजी रिश्तों से जुड़ी बातों को सार्वजनिक करने के लिए उनका नाम इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उनके इस बयान के बाद भी सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
गोविंदा ने कोमल के साथ रिश्ते पर दी थी सफाई
गोविंदा और कोमल रानी को कई बार एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों उस समय भी चर्चा में आए, जब वे लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। इन मुलाकातों के बाद सुनीता ने दोनों को लेकर कई सवाल उठाए थे। इसके बाद गोविंदा ने अपनी सफाई में कहा था कि कोमल के साथ उनका रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित है। दोनों एक फिल्म पर काम कर रहे हैं और फिल्म से जुड़े प्रमोशन के कारण साथ नजर आते हैं।
ये भी पढ़ें: 'पति, पत्नी और पंगा 2' में बड़ा धमाका! फिर दुल्हन बनेंगी अर्चना पूरन सिंह, इस बार होगा ग्रैंड सेलिब्रेशन
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किए तरह-तरह के कमेंट
कोमल और गोविंदा की नई तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, 'पुरुषों की हिम्मत तो देखिए।' वहीं दूसरे ने कहा कि सुनीता के बयान के बाद भी इस तरह की तस्वीरें सामने आना हैरान करने वाला है। कुछ लोगों ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया, जबकि कई यूजर्स सुनीता आहूजा की अगली प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल गोविंदा, सुनीता और कोमल रानी को लेकर चर्चाएं जारी हैं। हालांकि, दोनों के रिश्ते और कथित नजदीकियों को लेकर सामने आ रही बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




















