थाईलैंड में बड़ा हादसा:11 साल के बच्चे की चलाई पिकअप ने भिक्षुओं के समूह को रौंदा, 8 की मौत

बैंकॉक। थाईलैंड के मुकदाहान प्रांत में तीर्थयात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के एक समूह को एक पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी। हैरानी की बात यह है कि इस वाहन को एक 11 वर्षीय बच्चा चला रहा था। इस हादसे में 8 भिक्षुओं की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने बच्चे को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।
तीर्थयात्रा के दौरान हुआ बड़ा हादसा
यह घटना उस समय हुई जब लगभग 35 बौद्ध भिक्षु और कुछ श्रद्धालु तीर्थयात्रा पर निकले हुए थे। यह समूह एक मंदिर में भोजन करने के बाद अपनी यात्रा जारी रख रहा था। इसी दौरान अचानक एक पिकअप ट्रक अनियंत्रित होकर उनके समूह से टकरा गया। हादसा इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
8 भिक्षुओं की मौत, कई घायल
हादसे में पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 14 से अधिक भिक्षु घायल हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें: 1454 फीट की ऊंचाई पर प्रपोज, फिर गिरफ्तारी! एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर रूसी कपल का खतरनाक स्टंट वायरल
11 साल का बच्चा चला रहा था वाहन
पुलिस जांच में सामने आया है कि पिकअप ट्रक एक 11 वर्षीय बच्चा चला रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अपने पिता की गाड़ी बिना अनुमति के ले ली थी। वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे सड़क किनारे चल रहे भिक्षुओं के समूह से जा टकराया। हादसे के बाद बच्चे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।











