दशहरे से पहले PF जमा होगा, समय पर मिलेगी सैलरी! सोहागपुर नगर परिषद कर्मचारियों को CMO का आश्वासन

सोहागपुर। दशहरा और दीपावली से पहले सोहागपुर नगर परिषद के कर्मचारियों ने भविष्य निधि (PF) की राशि जमा कराने और हर महीने समय पर वेतन भुगतान की मांग उठाई है। नियमित, विनियमित और मस्टर श्रेणी के कर्मचारियों ने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) धर्मेंद्र शर्मा से मुलाकात की। सीएमओ ने कर्मचारियों को दशहरे से पहले PF अंशदान जमा कराने और समय पर वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।
वेतन में देरी की वजह बताई ऑनलाइन उपस्थिति
कर्मचारियों ने मांग की कि सफाई शाखा के कर्मचारियों की तरह अन्य कर्मचारियों का वेतन भी निर्धारित समय पर जारी किया जाए। इस पर सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने पिछले महीने वेतन भुगतान में हुई देरी की वजह बताते हुए कहा कि कई कर्मचारी कार्यालय पहुंचने और लौटने के समय ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। इसके कारण पोर्टल पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज हो जाती है। स्थापना और लेखा शाखा के कर्मचारी जब उपस्थिति रजिस्टर में किए गए हस्ताक्षरों का ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान करते हैं, तो दोनों में अंतर मिलता है। इस वजह से वेतन पत्रक तैयार करने में देरी होती है। सीएमओ ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे सुबह कार्यालय पहुंचने और शाम को लौटने से पहले अनिवार्य रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें, ताकि वेतन भुगतान समय पर किया जा सके।
एक-दो दिन में सुधरेगी बायोमेट्रिक मशीन
कर्मचारियों ने बताया कि बायोमेट्रिक मशीन खराब होने के कारण भी उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी हो रही है। इस पर सीएमओ ने मशीन की मरम्मत एक-दो दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कर्मचारियों से उपस्थिति संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।
दशहरे के बाद कर्मचारी यूनियन के चुनाव
सीएमओ से मुलाकात के दौरान कर्मचारी संघ की अध्यक्ष श्रीमती सरला सनकत की अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठा। कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में लोक निर्माण विभाग के शाखा प्रभारी हक्कूलाल परते जानकारी दे रहे थे। इसके बाद सरला सनकत को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल कुछ समय पहले समाप्त हो चुका है। अब नए अध्यक्ष का चयन चुनाव प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। कर्मचारियों ने दशहरे के बाद यूनियन के नए अध्यक्ष के चुनाव कराने की बात कही है। फिलहाल कर्मचारियों की प्राथमिकता त्योहारों से पहले PF की राशि जमा होने और समय पर वेतन मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।




















