इंदौर में ITM ग्लोबल और शिशुकुंज स्कूल का जलवा, जूनियर NBA टूर्नामेंट में बने चैंपियन

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित एसीजी जूनियर NBA 3v3 टूर्नामेंट में आईटीएम ग्लोबल स्कूल, ग्वालियर और शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झलारिया की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंडर-16 बॉयज कैटेगरी में ITM ग्लोबल स्कूल की टीम विजेता बनी, जबकि गर्ल्स कैटेगरी में शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झलारिया की टीम A ने पहला स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली तीन टीमों ने दिसंबर 2026 में होने वाले नेशनल फाइनल्स के लिए क्वालिफाई किया।
बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में हुआ मुकाबला
एसीजी जूनियर NBA 3v3 टूर्नामेंट का इंदौर लेग रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। इसमें अंडर-16 वर्ग के लड़कों और लड़कियों की स्कूल टीमों ने हिस्सा लिया। इस टूर्नामेंट का आयोजन नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (NBA) ने एसीजी और बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के साथ मिलकर किया। स्केचर्स इस आयोजन का आधिकारिक किट पार्टनर है।
लड़कों में ITM ग्लोबल स्कूल ने जीता खिताब
अंडर-16 बॉयज कैटेगरी में ITM ग्लोबल स्कूल की टीम विजेता रही। टीम में राजवीर सिंह, अक्षय खांची, हार्दिक रघुबंशी और मोहम्मद अमान शामिल थे। एनी बेसेंट स्कूल की टीम A ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि एनी बेसेंट स्कूल की टीम B तीसरे स्थान पर रही। इंदौर की ऑल-स्टार टीम में ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल, नीमच के नयन राठौड़, एनी बेसेंट स्कूल के गौरव सालोद और आरव पांडे तथा एबेनेज़र इंग्लिश स्कूल, देवास के लक्ष्य कुमार साह शामिल रहे।
गर्ल्स कैटेगरी में शिशुकुंज स्कूल की टीम अव्वल
अंडर-16 गर्ल्स कैटेगरी में शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, झलारिया की टीम A ने खिताब जीता। टीम में रेनिशा सांवला, सफिया खान, आरना तेंदुलकर और तुहिना जोशी शामिल थीं। ITM ग्लोबल स्कूल की टीम A दूसरे स्थान पर रही, जबकि द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की टीम G ने तीसरा स्थान हासिल किया। गर्ल्स ऑल-स्टार टीम में न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल की पाखी सराफ, आर्मी पब्लिक स्कूल की खुशी पुनिया, होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल, जबलपुर की जैस्मिन पटेल और एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की रोली पांड्या शामिल रहीं।
अक्षय खांची और आरना तेंदुलकर को MVP अवॉर्ड
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए ITM ग्लोबल स्कूल के अक्षय खांची और शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल की आरना तेंदुलकर को स्केचर्स मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस साल के कार्यक्रम की थीम ‘व्हेयर स्टार्स आर बॉर्न’ है। 2026 के संस्करण में अंडर-16 कैटेगरी को शामिल किया गया है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बास्केटबॉल में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
10 शहरों में आयोजित हो रहा टूर्नामेंट
2026 का एसीजी जूनियर NBA 3v3 नेशनल टूर्नामेंट देश के 10 शहरों में आयोजित किया जा रहा है। इनमें अहमदाबाद, इंदौर, कोच्चि, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, प्रयागराज और लुधियाना शामिल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को बास्केटबॉल के बुनियादी कौशल सिखाने के साथ टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना है। आयोजकों के अनुसार, पिछले साल के कार्यक्रम में 10 शहरों के 900 स्कूलों की 2,000 लड़कों और लड़कियों की टीमों से जुड़े 8,000 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान 2,700 से ज्यादा मैच खेले गए। इंदौर लेग के सफल आयोजन के बाद अब क्वालिफाई करने वाली टीमों की नजर दिसंबर 2026 में होने वाले नेशनल फाइनल्स पर रहेगी।




















