Wi-Fi 5 और Wi-Fi 6 में क्या अंतर? स्पीड से लेकर रेंज तक जानिए कौन है बेहतर

आज के समय में हमारे घरों में स्मार्टफोन, लैपटॉप, टीवी, स्मार्टवॉच, टैबलेट, फ्रिज और कई दूसरे डिवाइस इंटरनेट से जुड़े रहते हैं। इन सभी डिवाइस को इंटरनेट से कनेक्ट रखने में Wi-Fi की बड़ी भूमिका है। Ethernet केबल के मुकाबले Wi-Fi ने इंटरनेट इस्तेमाल करना काफी आसान बना दिया है। समय के साथ Wi-Fi तकनीक भी लगातार बेहतर हुई है। Wi-Fi Alliance ने अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई Wi-Fi standards पेश किए हैं। इनमें Wi-Fi 5 और Wi-Fi 6 काफी इस्तेमाल होते हैं, जबकि Wi-Fi 7 अभी सबसे नया standard है। ऐसे में सवाल है कि Wi-Fi 6 और Wi-Fi 5 में आखिर कितना फर्क है? आइए आसान भाषा में समझते हैं।
Wi-Fi 5 और Wi-Fi 6 कब आए?
Wi-Fi 5 को तकनीकी तौर पर 802.11ac कहा जाता है। इसे Wi-Fi Alliance ने 2013 में पेश किया था। वहीं Wi-Fi 6 को 802.11ax के नाम से जाना जाता है। इसे सितंबर 2019 में पेश किया गया था। यानी Wi-Fi 6, Wi-Fi 5 के मुकाबले नया standard है। आज भी बहुत से स्मार्टफोन, लैपटॉप और दूसरे डिवाइस Wi-Fi 5 को सपोर्ट करते हैं। हालांकि, कई नए और खासकर प्रीमियम स्मार्टफोन में Wi-Fi 6 का सपोर्ट देखने को मिलता है।
Wi-Fi 6 की स्पीड ज्यादा
स्पीड की बात करें तो Wi-Fi 6 यहां Wi-Fi 5 से आगे निकल जाता है। Wi-Fi 5 की अधिकतम theoretical speed करीब 6.9Gbps तक बताई जाती है। वहीं Wi-Fi 6 में यह theoretical speed 9.6Gbps तक पहुंच सकती है। हालांकि, असल में मिलने वाली इंटरनेट स्पीड कई चीजों पर निर्भर करती है। इसमें आपका इंटरनेट प्लान, राउटर, डिवाइस और नेटवर्क की स्थिति शामिल है।
ज्यादा डिवाइस कनेक्ट हों तो Wi-Fi 6 फायदेमंद
आज एक घर में सिर्फ एक या दो डिवाइस इंटरनेट से कनेक्ट नहीं रहते। एक साथ फोन, टीवी, लैपटॉप, स्मार्टवॉच और दूसरे स्मार्ट डिवाइस भी Wi-Fi का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में Wi-Fi 6 ज्यादा डिवाइस और ज्यादा नेटवर्क ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाल सकता है। इसलिए ऑनलाइन गेमिंग, HD वीडियो स्ट्रीमिंग और बड़ी फाइल डाउनलोड करने जैसे कामों में यह ज्यादा बेहतर अनुभव दे सकता है।
Wi-Fi 5 में सिर्फ 5GHz बैंड
Wi-Fi 5 मुख्य रूप से 5GHz frequency band को सपोर्ट करता है। 5GHz बैंड अच्छी स्पीड देने के लिए जाना जाता है और इसमें नेटवर्क भीड़ अपेक्षाकृत कम हो सकती है। हालांकि, इसकी रेंज 2.4GHz के मुकाबले कम रहती है। वहीं Wi-Fi 6 में 2.4GHz और 5GHz दोनों frequency bands का सपोर्ट मिलता है। 2.4GHz बैंड आमतौर पर ज्यादा दूरी तक सिग्नल पहुंचा सकता है, जबकि 5GHz बेहतर स्पीड देने में मदद करता है। इसलिए Wi-Fi 6 स्पीड और रेंज के बीच बेहतर संतुलन देता है।
Wi-Fi 5 या Wi-Fi 6, किसे चुनें?
अगर आपके घर में कई डिवाइस Wi-Fi से जुड़े रहते हैं और आप गेमिंग, स्ट्रीमिंग या भारी डाउनलोड जैसे काम करते हैं, तो Wi-Fi 6 ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। वहीं सामान्य इंटरनेट ब्राउजिंग और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए Wi-Fi 5 भी पर्याप्त हो सकता है। हालांकि, नया राउटर या डिवाइस खरीदते समय Wi-Fi 6 का सपोर्ट भविष्य के लिए ज्यादा उपयोगी विकल्प हो सकता है।




















