मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

उज्जैन। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उज्जैन से इंदौर जा रही बस का रामवास क्षेत्र में टायर फट गया, जिससे बस अनबेलेंस हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। सूचना मिलने के करीब पौन घंटे बाद चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि बस पूरी तरह जल गई और सिर्फ चेचिस बची।
टायर फटने के बाद बस हुई अनबेलेंस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस उज्जैन से इंदौर की ओर जा रही थी और रामवास क्षेत्र में अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस अनबेलेंस हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। बस से धुआं उठता देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई और सभी लोग तुरंत बस से बाहर निकल आए।
ये भी पढ़ें: इंदौर बना बस नेटवर्क का नया केंद्र! 24 रूटों पर 96 बसों का संचालन शुरू, 46 नए रूट कतार में
कुछ ही मिनट में पूरी बस आग की चपेट में
यात्रियों के बस से बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनट में पूरी बस आग की चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलने के करीब पौन घंटे बाद चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और सिर्फ उसका चेचिस बचा।
पुलिस और संबंधित विभाग कर रहे जांच
हादसे के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने टायर फटने के बाद बस के अनबेलेंस होने की बात कही है। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
25 सितंबर को हुआ था सेवा का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान प्रदेश के सात प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी। इसके दो दिन बाद 27 सितंबर को इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में सेवा से जुड़ी एक ई-बस अनियंत्रित होकर तीन लोगों पर चढ़ गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और दो लोग घायल हुए थे।
उज्जैन को मिली हैं 10 बसें
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन को 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था। जिस बस में आग लगी, वह पुरानी डीजल इंजन बस थी, जिस पर भगवा कलर का रेडियम चढ़ा था और कांच पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा लिखा था।




















