Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुनिया के सबसे सूखे अटाकामा रेगिस्तान में 'सुपर अल नीनो' से फूलों की बहार, 200 किस्मों से सजा 17,000 वर्ग किमी का इलाका

चिली के बेरंग अटाकामा में साल भर 15mm बारिश होती है, लेकिन रिकॉर्ड बारिश से 1997 के बाद का सबसे बड़ा Desierto Florido हुआ तैयार। कुछ जगहों पर 6 से 7 इंच तक बारिश हुई है। यह फूलों वाला रेगिस्तान दुनिया भर से हजारों लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
दुनिया के सबसे सूखे अटाकामा रेगिस्तान में 'सुपर अल नीनो' से फूलों की बहार, 200 किस्मों से सजा 17,000 वर्ग किमी का इलाका
अटाकामा रेगिस्तान में 'सुपर अल नीनो' से फूलों की बहार।

सैंटियागो। दुनिया के सबसे सूखे रेगिस्तान में 'सुपर अल नीनो' के कारण जिंदगी की अद्भुत बहार आई है। यह फूलों के समंदर में बदल गया है। चिली का आमतौर पर बेरंग नजर आने वाला अटाकामा रेगिस्तान अब 200 से ज्यादा किस्मों के पौधों और फूलों की रंग-बिरंगी चादर से गुलाबी, पीले और सफेद रंगों में रंगा गया है। अटाकामा में सामान्य तौर पर पूरे साल में सिर्फ 15mm बारिश होती है। इससे यह रहने के लिए पृथ्वी की सबसे कठिन जगहों में से एक है। लेकिन इस साल रिकॉर्ड बारिश ने एक ऐतिहासिक 'डेसिएर्टो फ्लोरिडो' (Desierto Florido) यानी फूलों से भरे रेगिस्तान का नजारा पेश किया है।

17 हजार वर्ग किमी में दिख रहे फूल

फूलों का यह शानदार नजारा अब करीब 6,560 वर्ग मील (17,000 वर्ग किमी) के इलाके में फैला हुआ है। यह 1997 के बाद रेगिस्तान में फ्लावरिंग की सबसे बड़ी और सबसे जबरदस्त घटना है। नेशनल फॉरेस्ट कॉर्पोरेशन (CONAF) के संरक्षित क्षेत्र विभाग के प्रमुख जॉर्ज काराबांटेस ने कहा- यह फूलों के खिलने की एक ऐसी घटना है जो वाकई असाधारण और अनोखी है। यह दुनिया में दूसरी जगहों पर होने वाली ऐसी घटनाओं से बिल्कुल अलग है। अटाकामा प्रशांत महासागर और एंडीज पर्वतों के बीच मौजूद है और चिली के उत्तरी तट के साथ-साथ लगभग 1,600 किमी (1,000 मील) तक फैला हुआ है।

इंग्लैंड में 1894 के गोल्फ कोर्स से बना 30 हेक्टेयर का वेटलैंड नेचर रिजर्व, एवोसेट पक्षी की वापसी

थोड़े बहुत फूल खिलते थे सर्दियों में

अटाकामा में सर्दियों से वसंत के मौसम में बदलाव के दौरान थोड़ी बारिश में फूल खिलना कोई असामान्य बात नहीं है, लेकिन इस साल का नज़ारा वाकई बहुत खास है। सुपर अल नीनो के कारण जुलाई और अगस्त के बीच चिली के कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर बारिश का स्तर इतना ज्यादा था जो 1950 के दशक में माप शुरू होने के बाद से कभी नहीं देखा गया था। CONAF अटाकामा में जैव विविधता संरक्षण अनुभाग के प्रमुख सीजर पिजारो कहते हैं- जब से बारिश का रिकॉर्ड रखना शुरू हुआ है, तब से मात्रा के हिसाब से ये सबसे महत्वपूर्ण आंकड़े हैं। कुछ जगहों पर 6 से 7 इंच तक बारिश हुई है। यह फूलों वाला रेगिस्तान दुनिया भर से हजारों लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

उस परत को था पानी की बूंदों का इंतजार

अटाकामा फीकी भूरी चट्टानें में सुप्त जीवन की एक परत छिपाए हुए है, जो बारिश की पहली बूंदों के गिरने का इंतजार कर रही होती हैं। वैज्ञानिक इस परत को जर्मप्लाज्म कहते हैं। इसमें पौधों के बीज,  बल्ब और कंद के साथ-साथ कई तरह के जीवों के अंडे भी होते हैं। जब बारिश शुरू होती है तो यह इन सभी अलग-अलग प्रजातियों को जीवित होने और बीजों की अगली पीढ़ी पैदा करने के लिए प्रजनन शुरू करने का संकेत देती

लगातार आ रहे पर्यटक

देश-विदेश के पर्यटक अटाकामा के दूर-दराज़ और मुश्किल इलाकों में इन फूलों को देखने जा रहे हैं। नेशनल टूरिज्म सेक्रेटेरिएट के डेटा के मुताबिक नवंबर में जब यह प्राकृतिक घटना खत्म होगी तब तक अटाकामा इलाके में लगभग 3,00,000 लोग रात बिताने वाली यात्राएं कर चुके होंगे। इससे डेसिएर्टो फ्लोरिडो इस सीजन में इलाके के मुख्य पर्यटक आकर्षणों में से एक बन गया है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts