कटनी में दबंगों की शर्मनाक हरकत; मां-बेटे को घसीटकर पीटा, कपड़े फाड़े Video Viral

कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम मटवारा में दबंगई और खाकी की निष्क्रियता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली सड़क विवाद के बाद करीब 40 से 50 लोगों की उन्मादी भीड़ ने एक दलित युवक के घर पर धावा बोलकर उसे और उसकी मां को बेरहमी से पीटा। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को सड़क पर घसीट-घसीटकर पीटते और कपड़े फाड़ते देखा जा सकता है। घटना के कई दिन बीत जाने और एसपी से गुहार लगाने के बावजूद पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज न किए जाने से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित अरविंद बशोर के अनुसार, 29 सितंबर की शाम निवार बाजार में उसकी गाड़ी से एक स्कूटी में मामूली खरोंच आ गई थी। इसी रंजिश में संजू बर्मन और सिद्धार्थ पाण्डेय दर्जनों समर्थकों के साथ मटवारा स्थित उसके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने अरविंद को निर्वस्त्र करने का प्रयास किया और जमकर लाठियां बरसाईं। बेटे को बचाने आई बुजुर्ग मां को भी नहीं बख्शा गया। उनके कपड़े फाड़ दिए गए और शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर घर से नकदी और सामान भी लूट ले गए।
ये भी पढ़ें: कटनी थाने में आग से झुलसे दलपत पटेल की मौत, पत्नी के आरोपों से गरमाया मामला
राजनीतिक रसूख का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
आरोप है कि नामजद आरोपी सत्ताधारी दल के एक अनुषांगिक संगठन से ताल्लुक रखते हैं, जिसके राजनीतिक रसूख के आगे स्थानीय पुलिस नतमस्तक है। थाने से फटकार मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने कटनी पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर सुरक्षा और एफआईआर की मांग की।
एसपी के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज, गिरफ्तारी नहीं
एसपी अभिनय विश्वकर्मा के हस्तक्षेप के बाद स्लीमनाबाद पुलिस ने BNS की धारा 331(2), 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। वहीं, एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार ने जान का खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: MCB में कपड़ों की गठरियों में छिपा था 4.59 करोड़ का गांजा, MP बॉर्डर से पहले 6 तस्कर गिरफ्तार




















