बालोद में युवती पर एसिड अटैक का हुआ खुलासा, प्रेमी ने रची थी साजिश 8 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

बालोद: बालोद में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने ही अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी। युवती के दूसरे युवक से अफेयर और शादी से इनकार करने से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर यह कदम उठाया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एसिड और आरोपियों के कपड़े भी जब्त किए हैं।
8 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन
बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर एसिड फेंकने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसके पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुली पूरी कहानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, यश सोनकर ने शुरुआत में कई अलग-अलग कहानियां बताकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की कड़ाई से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने वह ज्यादा देर तक टिक नहीं सका।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की और बताया कि युवती किसी अन्य युवक के साथ अफेयर तथा शादी के लिए तैयार थी, जिससे वह नाराज था।
तीन महीने पहले रची गई थी साजिश?
पुलिस के मुताबिक, यश सोनकर ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।युवती को मनाने की लगातार कोशिश के बावजूद जब वह तैयार नहीं हुई तो कथित तौर पर यश ने करण को बालोद बुलाया।
संबंधित खबर: Durg Bhilai: कांवड़ यात्रा में महिला पर एसिड अटैक, दो बच्चे भी झुलसे
गणेश झांकी में हमला करने की थी प्लानिंग
जांच में सामने आया कि करण कुंजाम 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, झांकी के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरोपियों ने उस समय अपनी योजना को अंजाम नहीं दिया।
5 अक्टूबर को मौका मिलते ही हमला
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर यश सोनकर के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध की ओर चला गया। इसके बाद उसने झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा की ओर जाने की कोशिश की।
कोंडागांव से पकड़ा गया दूसरा आरोपी
यश सोनकर से पूछताछ के बाद पुलिस को करण कुंजाम के संबंध में अहम जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस ने करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया। इस तरह घटना के करीब 8 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
संबंधित खबर: Delhi Acid Attack: द्वारका इलाके में स्कूल जा रही छात्रा पर एसिड अटैक, CCTV फुटेज आया सामने
एसिड और कपड़े भी जब्त
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना से जुड़ी जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़ों को जब्त किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
1. यश कुमार सोनकर
पिता- ईश्वर लाल सोनकर
उम्र- 20 वर्ष
निवासी- वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद।
2. करण कुंजाम
पिता- दिनेश कुंजाम
उम्र- 20 वर्ष
निवासी- वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संबंधित खबर: इंदौर : पत्नी ने पति पर किया एसिड अटैक, 6 साल से चल रहा था विवाद
बालोद पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी शिकायत सामने आती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने पर ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।




















