पद्म श्री से सम्मानित सितार वादक मणिलाल नाग का निधन, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर सितार वादक और पद्म श्री से सम्मानित पंडित मणिलाल नाग का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने सोमवार देर रात कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके जाने से संगीत जगत में शोक की लहर है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी और इसे भारतीय शास्त्रीय संगीत के एक युग का अंत बताया।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पंडित मणिलाल नाग की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि पंडित नाग पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक विष्णुपुर घराने के बड़े कलाकार और उसकी संगीत परंपरा को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख लोगों में से एक थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सितार बजाने में उनकी महारत, संगीत के प्रति लगाव और नई पीढ़ी को सिखाने की लगन ने उन्हें खास पहचान दिलाई। उन्होंने यह भी कहा कि पंडित मणिलाल नाग के जाने से पश्चिम बंगाल और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की दुनिया में ऐसी कमी आई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा। उन्होंने उनके परिवार, शिष्यों और चाहने वालों के प्रति संवेदना जताई।
कौन थे पंडित मणिलाल नाग?
पंडित मणिलाल नाग का जन्म 16 अगस्त 1939 को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में हुआ था। वह बंगाल के करीब 400 साल पुराने विष्णुपुर घराने के प्रमुख कलाकारों में शामिल थे। इस घराने की संगीत परंपरा पर ध्रुपद शैली का गहरा असर रहा है। मणिलाल नाग को सितार बजाने की शुरुआती शिक्षा अपने पिता और गुरु संगीत आचार्य गोकुल चंद्र नाग से मिली थी। बचपन से ही संगीत से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी मेहनत और कला के दम पर अलग पहचान बनाई। उन्होंने देश-विदेश में भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
पद्म श्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से हुए सम्मानित
भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान को देखते हुए साल 2020 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। वह विष्णुपुर घराने के पहले ऐसे संगीतकार थे, जिन्हें यह सम्मान मिला। इससे पहले साल 2001 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार भी दिया गया था। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें 2012 में अलाउद्दीन पुरस्कार और 2015 में बंग विभूषण से सम्मानित किया था। उन्होंने पांच दशक से भी ज्यादा समय तक ऑल इंडिया रेडियो यानी आकाशवाणी के लिए सितार वादन किया।
नई पीढ़ी को भी सिखाई संगीत की बारीकियां
पंडित मणिलाल नाग सिर्फ एक शानदार सितार वादक ही नहीं थे, बल्कि संगीत की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने वाले गुरु भी थे। उन्होंने कई सालों तक अपने शिष्यों को सितार की बारीकियां सिखाईं। उनका मानना था कि संगीत की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है, जितना खुद अच्छा कलाकार बनना। उनका जाना सिर्फ एक कलाकार का दुनिया से विदा होना नहीं है, बल्कि संगीत की एक समृद्ध परंपरा के लिए भी बड़ी क्षति है। उनकी कला, संगीत की साधना और शिष्यों के जरिए उनकी सीख लंबे समय तक याद की जाएगी।




















