Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Jensen Huang के इस्तीफे पर Sam Altman का बयान, बोले- हीरो में भी होती हैं कमियां; Nvidia को लेकर कही बड़ी बात

OpenAI CEO Sam Altman ने Nvidia के पूर्व CEO Jensen Huang के इस्तीफे पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हुआंग को अपना हीरो बताया, लेकिन कहा कि उनके बिना भी AI इंडस्ट्री आगे बढ़ती रहेगी।
Jensen Huang के इस्तीफे पर Sam Altman का बयान, बोले- हीरो में भी होती हैं कमियां; Nvidia को लेकर कही बड़ी बात
Nvidia के पूर्व CEO Jensen Huang के इस्तीफे पर OpenAI CEO सैम ऑल्टमैन ने प्रतिक्रिया दी।
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में इन दिनों Nvidia के पूर्व CEO Jensen Huang के इस्तीफे को लेकर काफी चर्चा है। इस बीच OpenAI के CEO Sam Altman ने पहली बार इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने Jensen Huang को अपना लंबे समय से हीरो बताया, लेकिन साथ ही कहा कि हर इंसान में कुछ कमियां होती हैं। ऑल्टमैन का मानना है कि हुआंग के Nvidia से जाने के बावजूद AI इंडस्ट्री की रफ्तार नहीं रुकेगी। कंपनियों की बढ़ती कमाई और AI प्रोडक्ट्स की मांग इस इंडस्ट्री को आगे बढ़ाती रहेगी। सैम ऑल्टमैन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब Nvidia में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पूरी टेक इंडस्ट्री की नजर कंपनी के भविष्य पर टिकी हुई है। सैन फ्रांसिस्को में आयोजित Semafor के 'Silicon Valley & The World' कार्यक्रम में ऑल्टमैन ने न सिर्फ हुआंग की तारीफ की, बल्कि उनकी वापसी से जुड़े सवाल पर भी अपना रुख साफ किया।

    Jensen Huang पर Sam Altman का बड़ा बयान

    सोमवार, 16 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में Sam Altman से Nvidia के पूर्व CEO Jensen Huang के इस्तीफे और कंपनी में चल रहे घटनाक्रम को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जेन्सन लंबे समय से उनके हीरो रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि हीरो में भी कमियां होती हैं। ऑल्टमैन ने कहा कि Jensen Huang और उनके द्वारा बनाई गई कंपनी Nvidia के बिना आज की AI क्रांति की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने माना कि AI टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने में हुआंग की भूमिका बेहद खास रही है। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या हुआंग को दोबारा Nvidia का CEO बनाया जाना चाहिए, तो उन्होंने इस सवाल पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया। ऑल्टमैन ने कहा कि उनके पास इस बारे में फैसला देने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं है।उन्होंने इस पूरे मामले पर अपनी व्यक्तिगत सहानुभूति भी जताई। इसके लिए उन्होंने साल 2023 का जिक्र किया, जब OpenAI के बोर्ड ने उन्हें अचानक CEO के पद से हटा दिया था। बाद में कर्मचारियों और निवेशकों के दबाव के बीच उनकी कंपनी में वापसी हुई थी। 

    आखिर क्यों देना पड़ा इस्तीफा?

    Nvidia के को-फाउंडर Jensen Huang ने 12 नवंबर 2026 को CEO और कंपनी के बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की गई। उनके इस्तीफे से पहले उनके निजी संबंधों को लेकर कई मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग ने अपने संबंधों को स्वीकार किया था। इस मामले में एलिस हुआंग नाम की महिला का भी जिक्र सामने आया, जो Nvidia की एक ग्राहक कंपनी Megaspeed International से जुड़ी रही हैं। इसके अलावा अमेरिकी अधिकारियों की ओर से एलिस हुआंग के चीन के लिए जासूसी करने के संदेह की जांच किए जाने की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, उनके चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने की बात स्वतंत्र रूप से साबित नहीं हुई है। Nvidia के बोर्ड ने इस पूरे मामले की जांच के लिए बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की मदद भी ली थी। Nvidia ने 12 नवंबर को अपने आधिकारिक बयान में कहा कि कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभालेंगी। कंपनी नए स्थायी CEO की तलाश भी कर रही है। 

    $105 बिलियन की डील पर क्या बोले Altman?

    जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia और OpenAI के बीच बिजनेस पार्टनरशिप को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, दोनों कंपनियां लंबे समय से एक-दूसरे के साथ काम कर रही हैं। Nvidia, OpenAI को AI चिप्स और कंप्यूटिंग पावर उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। हाल ही में Nvidia ने OpenAI के ओहायो डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए 105 बिलियन डॉलर तक की गारंटी देने पर सहमति जताई थी। इस तरह के बड़े निवेश और फाइनेंशियल समझौतों को लेकर टेक इंडस्ट्री में चर्चा तेज हो गई है। कार्यक्रम में सैम ऑल्टमैन से पूछा गया कि क्या जेन्सन हुआंग के जाने से Nvidia की आर्थिक ताकत और OpenAI के साथ उसके समझौतों पर असर पड़ेगा? इस पर ऑल्टमैन ने भरोसा जताया कि Nvidia जैसी बड़ी कंपनी में नेतृत्व बदलने से उसके कामकाज पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि Nvidia एक बहुत बड़ी कंपनी है और बाजार में उसके फाइनेंशियल कमिटमेंट को लेकर लोगों का भरोसा बना हुआ है।

    Jensen Huang की वापसी की मांग

    भले ही Nvidia में नए CEO की तलाश शुरू हो गई है, लेकिन जेन्सन हुआंग की वापसी को लेकर टेक इंडस्ट्री में समर्थन भी देखने को मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिलिकॉन वैली के कई बड़े कारोबारी और निवेशक चाहते हैं कि Nvidia का बोर्ड हुआंग की वापसी पर विचार करे। टेस्ला के CEO एलन मस्क और अन्य टेक दिग्गजों ने भी उनके समर्थन में अपनी राय रखी है। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग की वापसी के समर्थन में बयान दिया है। Nvidia के निवेशकों की ओर से भी बोर्ड को इस मामले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा गया है। टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जेन्सन हुआंग की वापसी के लिए सिलिकॉन वैली के कुछ बड़े अधिकारियों के साथ मिलकर एक खास 'वॉर रूम' बनाने की तैयारी की खबरें भी सामने आई हैं। इसका मकसद Nvidia के बोर्ड के सामने उनकी वापसी के पक्ष में समर्थन जुटाना बताया जा रहा है। 

    क्या बदल जाएगी AI की दुनिया?

    हुआंग Nvidia के उन संस्थापकों में शामिल हैं, जिन्होंने कंपनी को ग्राफिक्स कार्ड बनाने वाली कंपनी से दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में Nvidia ने AI मॉडल्स, डेटा सेंटर और सुपरकंप्यूटर के लिए जरूरी चिप्स के कारोबार में बड़ी पहचान बनाई। यही वजह है कि उनके इस्तीफे को सिर्फ एक कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन के तौर पर नहीं देखा जा रहा। इसका असर पूरी टेक इंडस्ट्री और AI के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

    Latest Posts