PlayBreaking News

200 यूनिट फ्री बिजली, महिला सुरक्षा फोर्स…CM बनते ही विजय ने लिए 3 बड़े फैसले, बोले- मैं झूठे वादे नहीं करूंगा

तमिलनाडु में थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही 200 यूनिट फ्री बिजली, महिला सुरक्षा फोर्स और एंटी ड्रग STF जैसे 3 बड़े फैसले किए। जानिए विजय सरकार के पहले बड़े ऐलान और पूरी राजनीतिक कहानी।
Follow on Google News
CM बनते ही विजय ने लिए 3 बड़े फैसले, बोले- मैं झूठे वादे नहीं करूंगा

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार से नेता बने C. Joseph Vijay ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की सत्ता संभाल ली। इसके साथ ही राज्य में करीब 60 साल से चली आ रही DMK और AIADMK की बारी-बारी से सत्ता वाली राजनीति का दौर भी खत्म हो गया।

मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही विजय ने बता दिया कि उनकी सरकार चुनावी वादों को लेकर गंभीर है। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने मंच पर ही तीन बड़ी फाइलों पर हस्ताक्षर किए और अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का संकेत दे दिया।

CM विजय के पहले 3 बड़े फैसले

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने जिन तीन अहम फैसलों पर सबसे पहले हस्ताक्षर किए, उनमें जनता से जुड़े बड़े मुद्दे शामिल हैं।

1. हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली

विजय सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का फैसला लिया। चुनाव प्रचार के दौरान यह TVK का सबसे बड़ा वादा माना जा रहा था।

2. ड्रग्स के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स

तमिलनाडु में बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने के लिए हर जिले में एंटी-ड्रग यूनिट और विशेष टास्क फोर्स (STF) बनाने का आदेश दिया गया।

3. महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विजय ने महिलाओं के लिए एक विशेष सुरक्षा बल गठित करने की मंजूरी भी दी।

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे राहुल गांधी 

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। मंच पर विजय और राहुल गांधी के बीच खास तालमेल और गर्मजोशी देखने को मिली। समारोह के बाद विजय ने राहुल गांधी और अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ सेल्फी भी ली, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

Thalapathy Vijay

शपथ ग्रहण समारोह में विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर भी मौजूद रहे। बेटे को मुख्यमंत्री बनते देख दोनों भावुक नजर आए। फिल्म अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी समारोह में पहुंचीं और इस ऐतिहासिक पल की गवाह बनीं।

अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि, मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता। जनता ने मुझे प्यार और समर्थन दिया है। मैं कभी भी झूठे वादों से लोगों को धोखा नहीं दूंगा।

पारंपरिक राजनीति से अलग दिखे विजय

तमिलनाडु की राजनीति में आमतौर पर सफेद धोती-कुर्ता पहनकर शपथ लेने की परंपरा रही है, लेकिन विजय ने इससे अलग अंदाज अपनाया। वह सफेद शर्ट, डार्क पैंट और ब्लेजर में नजर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जो पिछली द्रविड़ राजनीति की परंपरा से अलग माना जा रहा है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय और उनके 9 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

विजय कैबिनेट में किन नेताओं को मिली जगह?

विजय के साथ कुल 9 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें शामिल हैं-

  1. बुसी एन. आनंद
  2. आधव अर्जुन
  3. केजी अरुणराज
  4. केए सेंगोट्टैयन
  5. पी. वेंकटरमणन
  6. सीटीआर निर्मलकुमार
  7. ए. राजमोहन
  8. टी.के. प्रभु
  9. एस. कीर्तना

कैबिनेट में फिलहाल एक महिला और अनुसूचित जाति समुदाय से एक प्रतिनिधि को जगह मिली है।

सहयोगी दलों के समर्थन से बनी सरकार

TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया। हालांकि विजय दो सीटों से जीते हैं, इसलिए पार्टी की वास्तविक संख्या 107 मानी जा रही है। सरकार बनाने के लिए पार्टी को कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML का समर्थन मिला। इन दलों के समर्थन के बाद विजय ने बहुमत का आंकड़ा पार किया और राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।

यह भी पढ़ें: 29 की उम्र, फर्राटेदार हिंदी… कौन हैं तमिलनाडु की सबसे युवा मंत्री एस कीर्तना? विजय कैबिनेट में एकमात्र महिला

TVK को इन दलों का समर्थन मिला

  • कांग्रेस - 5 विधायक
  • CPI - 2 विधायक
  • CPI(M) - 2 विधायक
  • IUML - 2 विधायक
  • VCK - 2 विधायक

पहली बार विधायक बने 93 नेता

TVK की जीत का सबसे बड़ा पहलू यह रहा कि पार्टी के 107 विधायकों में से 93 पहली बार विधायक बने हैं। खुद विजय भी पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। तमिलनाडु की जनता ने इस बार पारंपरिक राजनीति से हटकर नए चेहरों और युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

आर्थिक बोझ को लेकर भी उठ रहे सवाल

विजय सरकार ने मुफ्त बिजली और कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत कर दी है, लेकिन विशेषज्ञ इन वादों से सरकारी खजाने पर पड़ने वाले बोझ को लेकर सवाल उठा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, TVK के चुनावी वादों को पूरी तरह लागू करने पर राज्य के बजट पर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। तमिलनाडु पहले से ही कर्ज के बोझ से जूझ रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री विजय ने कहा है कि, जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं होगा और शिक्षा, सड़क, पानी और बुनियादी सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता रहेंगी।

Breaking News

चुनावी घोषणापत्र में किए गए बड़े वादे

TVK ने चुनाव से पहले कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया था, जिनमें शामिल हैं-

  • महिलाओं को हर महीने ₹2500 सहायता
  • किसानों को सालाना ₹15,000 सहायता
  • हर साल 6 मुफ्त LPG सिलेंडर
  • बेरोजगार युवाओं को भत्ता
  • युवाओं के लिए इंटर्नशिप स्कॉलरशिप
  • स्वास्थ्य बीमा में अतिरिक्त सहायता

विजय का फिल्मी सफर से राजनीति तक का सफर

विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनका जन्म 22 जून 1974 को चेन्नई में हुआ था। उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर तमिल सिनेमा के मशहूर निर्देशक रहे हैं, जबकि मां शोभा गायिका थीं। कम उम्र में ही विजय ने फिल्मों में काम शुरू कर दिया था और बाद में तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शामिल हो गए। फरवरी 2024 में उन्होंने राजनीति में कदम रखते हुए तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) पार्टी बनाई और पहली ही चुनावी परीक्षा में सत्ता तक पहुंच गए।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts