'Stupid People' बयान से घिरे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो,भारत दौरे पर सोशल मीडिया में मचा बवाल

भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने एक बयान को लेकर अचानक विवादों में घिर गए हैं। दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि "हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं।" उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर ऐसा तूफान खड़ा किया कि अमेरिका से लेकर भारत तक लोग अलग-अलग मतलब निकालने लगे। कई यूजर्स ने इसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी तक बता दिया। हालांकि बाद में रुबियो ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा सोशल मीडिया ट्रोल्स और बॉट्स की तरफ था, लेकिन तब तक उनका बयान वायरल हो चुका था। अमेरिकी विदेश विभाग को भी इस मामले में सफाई देनी पड़ी और सोशल मीडिया पर साझा की गई कुछ पोस्ट बाद में हटा दी गईं।
भारत दौरे के बीच बढ़ा विवाद
मार्को रुबियो पहली बार आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले कोलकाता जाकर मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया। इसके बाद नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और क्वाड सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। अमेरिकी पक्ष ने भारत के साथ रिश्तों को बेहद महत्वपूर्ण बताया, जबकि भारत ने भी ऊर्जा आयात और व्यापार सहयोग बढ़ाने की बात कही। लेकिन कूटनीतिक बातचीत के बीच एक प्रेस कॉन्फ्रेंस ने पूरा फोकस बदल दिया।
नस्लभेदी टिप्पणियों पर पूछा गया सवाल
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका में भारतीयों और भारतीय-अमेरिकियों के खिलाफ बढ़ती नस्लभेदी टिप्पणियों को लेकर सवाल पूछा। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर भारतीय समुदाय को निशाना बनाने वाली कई पोस्ट वायरल हुई थीं। इसी संदर्भ में रुबियो से पूछा गया कि अमेरिका इस तरह की घटनाओं को कैसे देखता है। इस सवाल के जवाब में मार्को रुबियो ने कहा कि दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं। लोग सोशल मीडिया पर हर समय बकवास बातें करते रहते हैं। अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं और भारत में भी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों की टिप्पणियों को पूरे अमेरिका की सोच नहीं माना जाना चाहिए। अमेरिका आज भी इमिग्रेंट्स का स्वागत करने वाला देश है और भारतीय समुदाय वहां लगातार आगे बढ़ रहा है।
ट्रंप से जोड़कर वायरल हुआ बयान
रुबियो के बयान के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर डोनाल्ड ट्रंप से जोड़ दिया। दरअसल कुछ दिन पहले ट्रंप ने भारत और चीन की तुलना "नरक" जैसे शब्दों से की थी, जिस पर भारत में भी आलोचना हुई थी। ऐसे में जब रुबियो ने "Stupid People" कहा, तो सोशल मीडिया पर लोगों ने दावा करना शुरू कर दिया कि वह अप्रत्यक्ष रूप से ट्रंप की टिप्पणी पर जवाब दे रहे हैं। कई मीम्स और पोस्ट वायरल हुए, जिनमें कहा गया कि रुबियो ने अपने ही राष्ट्रपति को "स्टुपिड" कह दिया। एक अमेरिकी यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि क्या रुबियो को पता भी है कि उन्होंने किसके बारे में कह दिया? वहीं दूसरे यूजर ने दावा किया कि यह बयान ट्रंप की हालिया टिप्पणियों पर कटाक्ष था।
अमेरिकी विदेश विभाग ने हटाई पोस्ट
विवाद बढ़ने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से साझा की गई कुछ सोशल मीडिया पोस्ट को डिलीट कर दिया गया। इसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। कई लोगों ने सवाल उठाया कि अगर बयान सामान्य था तो पोस्ट हटाने की जरूरत क्यों पड़ी। हालांकि अमेरिकी प्रशासन की तरफ से बाद में कहा गया कि बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और उसका संदर्भ अलग था।
ये भी पढ़ें: क्या है क्वाड? जिसके लिए भारत आ रहीं ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्री पेनी वोंग? कौन-कौन से देश शामिल?
आगरा पहुंचकर दी सफाई
25 मई को जब मार्को रुबियो आगरा पहुंचे और ताजमहल का दौरा किया, तब उनसे इस विवाद पर फिर सवाल पूछा। इस बार उन्होंने कहा कि उनका इशारा ऑनलाइन ट्रोल्स और बॉट्स की तरफ था। रुबियो ने कहा कि मैं सोशल मीडिया पर उन लोगों की बात कर रहा था जो बिना वजह भड़काऊ बातें लिखते हैं। उनमें से कुछ ट्रोल या बॉट भी हो सकते हैं। उन्होंने दोहराया कि दुनिया के हर देश में कुछ लोग सोशल मीडिया पर बेवकूफ़ी भरी बातें करते रहते हैं और इसे किसी सरकार की आधिकारिक सोच नहीं माना जाना चाहिए।
भारत-अमेरिका रिश्तों पर भी दिया बड़ा बयान
विवाद के बीच रुबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत का सम्मान करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका अच्छा तालमेल है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और रणनीतिक सहयोग आने वाले समय में और बढ़ेगा।












