कटनी में 4 करोड़ के PDS चावल घोटाले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 21 हजार से ज्यादा बोरे की हुई थी हेराफेरी

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के 4 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के फोर्टिफाइड चावल की हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी किशन केशरवानी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ से आरोपी को पकड़ा गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान चावल की हेराफेरी से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है।
4 करोड़ के चावल घोटाले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी किशन केशरवानी (21) विकास केशरवानी का बेटा है और रीवा जिले के चाकघाट का रहने वाला है। वह परिवहनकर्ता फर्म मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के पार्टनर्स में शामिल है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी चावल की खेप कहां उतारी गई और उसे किन लोगों को बेचा या खपाया गया। साथ ही इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
21,765 बोरे चावल की हुई हेराफेरी
इस मामले में कुल 21,765 बोरे फोर्टिफाइड चावल ट्रकों के जरिए कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर भेजे जाने थे। इन बोरों में कुल 10,797.18 क्विंटल चावल लदा था। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आरोप है कि चावल की खेप निर्धारित जिलों तक पहुंचने से पहले ही उसकी हेराफेरी और गबन कर लिया गया। यह चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत भेजा जाना था, जिससे सरकारी खाद्यान्न के परिवहन और वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
चार पार्टनर्स के खिलाफ दर्ज हुई FIR
प्रशासनिक जांच में अनियमितताओं और चावल के गबन की पुष्टि होने के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर ने गुरुवार देर शाम रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया है।
तीन दिन की रिमांड पर आरोपी, बाकी की तलाश जारी
पुलिस अब किशन केशरवानी से पूछताछ कर चावल की हेराफेरी में शामिल अन्य लोगों और पूरी खेप के ठिकाने का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले में शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि करोड़ों रुपये का सरकारी चावल कहां पहुंचाया गया और इस पूरे खेल में किन-किन लोगों की भूमिका थी।




















