कटनी में जैन धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति पर फिर बवाल, बाउंसर तैनात करने पर आमने-सामने आए दो पक्ष

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में जैन समाज की धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर गर्मा गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित विवादित संपत्ति पर शुक्रवार शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से संपत्ति पर बाउंसर तैनात किए जाने के बाद दूसरे पक्ष और समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
विवादित संपत्ति पर बाउंसर तैनात करने से भड़का गुस्सा
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाने के सामने स्थित जैन समाज की धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति को लेकर दिगंबर जैन पंचायत और अनुराग जैन के परिवार के बीच विवाद चल रहा है। शुक्रवार शाम विवादित संपत्ति पर एक पक्ष की ओर से बाउंसर तैनात कर दिए गए। इसकी जानकारी दूसरे पक्ष और समाज के लोगों को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में लोग मुख्य सड़क पर एकत्रित हो गए। इसके कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और जाम जैसे हालात बन गए।
कोतवाली पुलिस ने संभाला मोर्चा, भीड़ को हटाया
हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया। साथ ही सड़क पर जमा लोगों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी, ताकि विवाद दोबारा न बढ़े और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पहले भी हो चुकी है मारपीट, थाने तक पहुंचा था विवाद
जैन समाज की इस संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा है। कुछ दिन पहले भी धर्मशाला परिसर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इसके अलावा कोतवाली थाने के अंदर भी दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो चुकी है।




















