Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बुरहानपुर में आंधी-तूफान से तबाही : किसानों की करोड़ों की केले की फसल बर्बाद, मुख्यमंत्री ने दिए सर्वे के निर्देश

Follow on Google News
बुरहानपुर में आंधी-तूफान से तबाही : किसानों की करोड़ों की केले की फसल बर्बाद, मुख्यमंत्री ने दिए सर्वे के निर्देश
बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में आई तेज आंधी और तूफान ने किसानों की मेहनत पर कहर बरपाया है। जिले के नीमगांव, खामनी और रायगांव गांवों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण खड़ी केले की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। इससे किसानों को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होते देख कई किसान भावुक होकर खेत में ही रोते नजर आए।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित गांवों में नुकसान का सर्वे कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को क्षति पूर्ति की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X  पर पोस्ट करते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है और प्राकृतिक आपदा में किसी भी किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

केला फसल बीमा में शामिल करने की मांग

प्रभावित किसान इस प्राकृतिक आपदा से उबरने के लिए सिर्फ क्षतिपूर्ति की मांग ही नहीं कर रहे, बल्कि उन्होंने सरकार से केले को भी फसल बीमा योजना में शामिल करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि केला फसल बीमा योजना में शामिल होता, तो उन्हें इस प्रकार की आर्थिक क्षति से उबरने में मदद मिलती। बुरहानपुर जिला मध्यप्रदेश में केला उत्पादन के लिए विशेष रूप से जाना जाता है और यहां की आर्थिक संरचना में इसका बड़ा योगदान है।

नुकसान का किया जा रहा आंकलन

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और प्राथमिक तौर पर संकेत मिल रहे हैं कि हजारों एकड़ में फैली केले की फसल प्रभावित हुई है। सर्वे के बाद ही वास्तविक क्षति और सहायता राशि का निर्धारण किया जाएगा। कलेक्टर ने भी संबंधित अधिकारियों को प्रभावित गांवों का दौरा कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। ये भी पढ़ें- बैतूल में हैवानियत : स्ट्रीट डॉग को पीट-पीटकर मार डाला, बोरी में भरकर जलाया, केस दर्ज
Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts