भारत-नेपाल बॉर्डर से दूर रहें; चीनी दूतावास ने नागरिकों को दी चेतावनी, कहा- भारत में अवैध प्रवेश पर हो रही सख्त कार्रवाई

नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से यात्रा से बचने की सख्त चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब भारत में अवैध तरीके से सीमा पार करने वाले चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी के कई मामले सामने आ चुके हैं। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि भारत अब ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रहा है और गैरकानूनी प्रवेश पर लंबी सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
बार-बार चेतावनी के बावजूद चीनियों की सीमा क्षेत्र में आवाजाही जारी
दूतावास द्वारा शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कुछ चीनी नागरिक भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में ट्रैवल कर रहे हैं। परिणामस्वरूप उन्हें भारत में अवैध रूप से घुसने के आरोप में हिरासत में लिया जा रहा है। दूतावास ने चेतावनी देते हुए कहा, “भारत-नेपाल सीमा पार करना विदेशी नागरिकों के लिए कानूनी रूप से प्रतिबंधित है। चीनी नागरिकों को भारत में प्रवेश के लिए वैध वीजा और अन्य दस्तावेज होना अनिवार्य है।”अवैध प्रवेश पर 2 से 8 साल की सजा
चीन के नागरिकों को सतर्क करते हुए दूतावास ने यह भी कहा कि अनजाने या जानबूझकर भारत में सीमा पार करना कानून का उल्लंघन है और इसके लिए 2 से 8 साल तक की जेल और भारी जुर्माने की सजा हो सकती है। इतना ही नहीं, ऐसे मामलों में जमानत का भी प्रावधान नहीं है। दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारत-नेपाल सीमा के आस-पास यात्रा न करें और भारत में प्रवेश करने के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।दो चीनी नागरिक भारत-नेपाल सीमा पर सेल्फी लेते पकड़े गए
गुरुवार को बिहार में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। वे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में वीडियो और सेल्फी ले रहे थे, जबकि उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस के अनुसार, “दोनों नागरिकों के पास भारत में प्रवेश के लिए जरूरी वीजा या अनुमति नहीं थी। उन्होंने सीमा पार की और प्रतिबंधित क्षेत्र में वीडियो बनाया। उन्हें हिरासत में ले लिया गया।”












