सीएम योगी बोले- यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए, अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल और दुनिया की बेहतरीन राइफल

गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 502 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में योगी ने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए और गोरखपुर में स्लॉटर हाउस खोलने की पुरानी कोशिश का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्री और सैफई महोत्सव पर खर्च होता था, जबकि अब सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
'यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए'
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के समय प्रदेश में कट्टा-बम बनाने और उनके जरिए लूटपाट और डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने का माहौल था। उस समय मोहल्लों तक में अवैध हथियार बनाने का काम होता था, लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने पर काम किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में दुनिया की बेहतरीन राइफल, रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है।
ये भी पढ़ें: संजय राउत ने की सीएम योगी की तारीफ, बोले-अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं
'सपा सरकार में गीडा स्लॉटर हाउस खोलने की थी तैयारी'
योगी ने 2004-05 के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगा था। तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार ने यहां स्लॉटर हाउस खोलने के लिए जमीन पर जबरन काम शुरू कराने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में डेयरी, बेवरेज और दूसरे उद्योग लगाने की जरूरत थी, लेकिन पिछली सरकार की प्राथमिकताएं अलग थीं। योगी ने बताया कि उस समय उन्होंने इस फैसले का विरोध किया और कई दिनों तक संघर्ष चला। आखिरकार इस लड़ाई में जीत मिली और जिस जमीन पर स्लॉटर हाउस बनाने की तैयारी थी, वह आज भी खाली पड़ी है।
विकास का पैसा पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री में खर्च होता था
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में विकास कार्यों के लिए मिलने वाले पैसे का सही इस्तेमाल नहीं होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल बनाने और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने जैसे कामों में खर्च किया जाता था। योगी ने कहा कि आज किसानों को उनकी जमीन का सम्मानजनक मुआवजा दिया जा रहा है और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और दूसरे बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का 80-85% बजट
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर क्षेत्रीय भेदभाव का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग के कुल बजट का करीब 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च कर दिया जाता था। बाकी प्रदेश के लिए बहुत कम बजट बचता था और दूसरे क्षेत्रों के विकास पर ध्यान नहीं दिया जाता था। सीएम ने कहा कि अब स्थिति बदल चुकी है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर विकास से जुड़े काम हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ किसी एक क्षेत्र तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को इसका फायदा मिले।
काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में राम मंदिर का किया जिक्र
सीएम योगी ने प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को भी सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम का भव्य और दिव्य स्वरूप तैयार किया गया है। इसी तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान राम का भव्य मंदिर बना है और नई अयोध्या का विकास भी दिखाई दे रहा है। योगी ने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास से उत्तर प्रदेश की पहचान और पर्यटन को नई दिशा मिल रही है।
ये भी पढ़ें: मासूम बच्चे की गलती क्या थी? सपा के रोड शो में 14 साल के नाबालिग की मौत पर भड़के सीएम योगी
ब्रह्मोस मिसाइल का नाम लेकर पाकिस्तान पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक राइफल और रिवॉल्वर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ब्रह्मोस की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि जब यह मिसाइल दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप कहकर चिल्लाने लगता है। योगी ने इसे भारत की नई सैन्य ताकत बताया और कहा कि पहले जो लोग प्रदेश में कट्टा-बम बनाने और बूचड़खाने खोलने की कोशिश कर रहे थे, उनके अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सुशासन और सुरक्षा देने वाली सरकार में संवेदना होती है, जबकि पिछली सरकारों ने प्रदेश को कुशासन, अराजकता, उपद्रव और गुंडागर्दी दी। अब सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्ष को अपने पुराने कारनामे याद आ रहे हैं।




















