संजय राउत ने की सीएम योगी की तारीफ, बोले-अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं

संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी जी हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा, 'हम भी योगी जी को बहुत प्यार करते हैं।' राउत के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि योगी आदित्यनाथ के बिना उत्तर प्रदेश की कल्पना नहीं की जा सकती।
खुद को CM उम्मीदवार बताने पर कही ये बात
जब संजय राउत से पूछा गया कि योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया है, जबकि बीजेपी में पहले ऐसा नहीं होता था, तो उन्होंने इसे काबिलेतारीफ बताया। राउत ने कहा कि अगर योगी जी ने खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है तो यह अच्छी बात है। उन्होंने योगी को काबिल नेता भी बताया।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने 50 हजार छात्रों को बांटे टैबलेट, देवरिया सहित 4 जिलों के छात्रों को सौगात
बहुमत को लेकर जताया भरोसा
राउत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को बहुमत मिलेगा। उन्हें भरोसा है कि चुनाव जीतकर आने वाले विधायक उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक दल का नेता ही मुख्यमंत्री चुना जाता है और योगी को विश्वास है कि ज्यादा से ज्यादा विधायक उनके समर्थन में रहेंगे।
बीजेपी में नाराजगी पर भी दिया जवाब
बीजेपी में कुछ नेताओं की नाराजगी की खबरों को लेकर जब संजय राउत से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों में ऐसा होता है। राउत ने इसे सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि किसी भी पार्टी में नेताओं के बीच नाराजगी होना नई बात नहीं है।
अखिलेश यादव के घोषणापत्र के बीच बयान
संजय राउत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। गुरुवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया है। खास बात यह है कि समाजवादी पार्टी और शिवसेना (UBT) दोनों INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में गठबंधन के सहयोगी दल के सांसद की ओर से बीजेपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।




















