गुटखा-पान मसाला के अवैध कारोबार पर ED की बड़ी कार्रवाई, असम-मेघालय के 6 ठिकानों पर छापेमारी

गुवाहाटी। गुटखा, पान मसाला और जर्दा के कथित अवैध कारोबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने असम और मेघालय में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने कारोबारी, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े छह ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान ED ने करीब 42 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, वित्तीय रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस और अन्य अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। ED के गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I ने असम के गुवाहाटी और कामरूप जिले के पलासबाड़ी के अलावा मेघालय की राजधानी शिलांग में तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी के मुताबिक यह जांच असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की ओर से दर्ज FIR के आधार पर शुरू की गई थी। FIR में कारोबारी और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
कपड़े के नाम पर ट्रेन से भेजा जा रहा था गुटखा और जर्दा
पुलिस की FIR के मुताबिक दिल्ली से गुवाहाटी तक बड़ी मात्रा में गुटखा, जर्दा और पान मसाला रेलवे के जरिए भेजा गया था। आरोप है कि इस सामान को टेक्सटाइल यानी कपड़ा बताकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे ट्रांसपोर्ट किया गया। इस मामले में कामरूप जिले के अजारा रेलवे स्टेशन पर रेलवे के दो वैगनों से 341 पैकेट जब्त किए गए थे। वर्ष 2023 में रेलवे रूट से माल भेजे जाने का यह मामला सामने आया था। इसके बाद जांच एजेंसियों ने कथित अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल शुरू की।
11 साल में बैंक खातों में जमा हुए 1,851 करोड़ रुपये
ED की जांच में सामने आया है कि कथित अवैध कारोबार से बड़ी मात्रा में नकदी कमाई गई। वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच कारोबारी के परिवार से जुड़े सदस्यों और कंपनियों के बैंक खातों में करीब 1,851 करोड़ रुपये जमा किए गए। जांच में यह भी पता चला कि कारोबारी की कंपनियों की कुल खरीदारी का लगभग 15 से 20 प्रतिशत हिस्सा बिना बिल के होता था। इस खरीदारी का भुगतान नकद में किया जाता था और इन लेन-देन को आधिकारिक खातों में दर्ज नहीं किया जाता था। ED इस रकम और उसके इस्तेमाल से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
बिना FSSAI लाइसेंस के चल रही थीं पान मसाला-जर्दा की दो यूनिट
ED के मुताबिक रेलवे के जरिए माल भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद मई 2024 में पलासबाड़ी में पान मसाला और जर्दा बनाने वाली दो यूनिट शुरू की गईं। इन यूनिट्स को नाममात्र के साझेदारों के नाम पर स्थापित किया गया था। जांच एजेंसी का दावा है कि इन दोनों यूनिट्स को दो साल के भीतर कारोबारी की कंपनियों से करीब 977 करोड़ रुपये मिले। पड़ताल में यह भी सामने आया कि तंबाकू और जर्दा बनाने वाली इकाई बिना भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के लाइसेंस के संचालित की जा रही थी।
42 लाख रुपये कैश और डिजिटल डिवाइस जब्त
सर्च ऑपरेशन के दौरान ED ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। इनमें वित्तीय रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, मोबाइल फोन और उत्पादों के सैंपल पाउच शामिल हैं। इसके अलावा करीब 42 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी भी बरामद की गई है।




















