Mann Ki Baat 140th Episode: PM मोदी ने युवाओं में नशे की लत पर जताई चिंता, बोले- ड्रग्स बन रही सपनों की राह में बड़ी चुनौती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 नवंबर 2026 को 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन ड्रग्स और नशे की लत उनके भविष्य के सामने एक बड़ी चुनौती बन गई है। पीएम मोदी ने नशे के खिलाफ समाज की बढ़ती भागीदारी और 'नशा मुक्त युवा अभियान' का भी जिक्र किया।
मन की बात में पीएम मोदी ने क्यों उठाया नशे का मुद्दा?
पीएम मोदी ने कहा कि 'मन की बात' समाज के हर वर्ग और देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसके जरिए समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा की जाती है, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके। इसी कड़ी में उन्होंने सबसे पहले ड्रग्स यानी नशे की लत का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारतीय युवाओं की प्रतिभा की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन नशे की लत उनके रास्ते में बड़ी रुकावट बन सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें संतोष है कि देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ऐसे युवाओं के उदाहरणों का जिक्र किया, जिन्होंने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत को हराया और मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलकर अपने जीवन को नई दिशा दी।



















