Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर लईक कुरैशी हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार

सीहोर के एसपी निवास के पास हुए लईक कुरैशी हत्याकांड ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है। परिजनों के धरने, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और बुलडोजर कार्रवाई के दबाव के बीच मंडी पुलिस ने कार्रवाई का नया ब्यौरा जारी किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को राउंडअप कर पुलिस कस्टडी में लिया गया है।
सीहोर लईक कुरैशी हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
सीहोर लईक कुरैशी हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को रेस्ट हाउस रोड स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र में माता मंदिर चौराहे के निवासी 45 वर्षीय लईक कुरैशी पिता लतीफ कुरैशी पर उनके घर के सामने मस्जिद के पास हमला किया गया था। शाम करीब 5 बजे आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और फिर छुरे से पेट में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल लईक को इलाज के लिए जिला अस्पताल सीहोर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था।

पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना मंडी में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को परिजनों और नागरिकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। मृतक के परिजन धरने पर बैठ गए थे और आरोपियों के अवैध निर्माणों की जांच कर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई थी। नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ था।

अजीज उर्फ बड्डू गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, मामले में अजीज उर्फ बड्डू पिता बशीर कुरैशी (59 वर्ष), निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास सीहोर को 27 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे जिला जेल सीहोर में निरुद्ध कर दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड में पहली बड़ी गिरफ्तारी माना जा रहा है।

तीन आरोपी राउंडअप, पुलिस कस्टडी में पूछताछ

नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को भी राउंडअप किया है। इनमें सलीम पिता बशीर कुरैशी (62 वर्ष), नौशाद पिता सलीम (41 वर्ष) और हासिम उर्फ भैय्या पिता सलीम (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास सीहोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। इनसे मामले के संबंध में पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अयान अब भी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना

इस हत्याकांड में अयान पिता अजीज उर्फ बड्डू निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास सीहोर अभी फरार बताया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम रवाना की है। संभावित ठिकानों पर तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Breaking News

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस 

हत्याकांड के बाद से ही मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब एक आरोपी की गिरफ्तारी और तीन अन्य को पुलिस अभिरक्षा में लिए जाने के बाद मामले में कार्रवाई आगे बढ़ी है। हालांकि, परिवार की निगाहें फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच पर टिकी हैं। साथ ही आरोपियों के कथित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की मांग भी अभी चर्चा में है। फिलहाल पुलिस के सामने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने और हत्याकांड की जांच को ठोस निष्कर्ष तक पहुंचाने की चुनौती है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts