Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा सवाल, आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? आरक्षण पर भी घेरा

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव से कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने आरक्षण, संविधान और मुस्लिमों को आरक्षण देने के मुद्दे पर सपा प्रमुख को घेरा है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा सवाल, आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? आरक्षण पर भी घेरा
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव ने पूछा सवाल

ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और आरक्षण का हवाला देते हुए अखिलेश यादव पर वोटों की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता और सुप्रीम कोर्ट भी इस संबंध में कई बार अपना रुख स्पष्ट कर चुका है। राजभर ने अखिलेश के साथ उनके गठबंधन के सहयोगियों पर भी निशाना साधते हुए संविधान बदलने की मंशा रखने का आरोप लगाया।

ओपी राजभर ने अखिलेश से पूछा- कुरान बड़ा है या संविधान?

ओपी राजभर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव को संबोधित किया और तंज भरे अंदाज में उनसे सवाल किया। उन्होंने लिखा कि मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे, सुना है आपको रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है, उसी अंदाज में बता दीजिए कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश अपने भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट में संविधान और आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन मुस्लिमों के मुद्दे पर उनका प्रेम ज्यादा दिखाई देता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव ने कभी बाबा साहेब का पूरा संविधान पढ़ा है?

X Post

धर्म के आधार पर आरक्षण देने के मुद्दे पर घेरा

राजभर ने अपनी पोस्ट में कहा कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान सबसे ऊपर है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट कई बार स्पष्ट कर चुका है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। राजभर ने अखिलेश यादव पर मुसलमानों को आरक्षण देने का वादा करके वोट हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब मुस्लिम समाज भी उनकी राजनीति को समझने लगा है और वोट हासिल करने के लिए दिए जा रहे ऐसे वादों पर भरोसा नहीं करेगा।

इंदिरा साहनी और पश्चिम बंगाल के मामले का दिया हवाला

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को इंदिरा साहनी केस और 2024 के पश्चिम बंगाल के ओबीसी आरक्षण मामले में आए अदालती आदेश पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने आंध्र प्रदेश में मुस्लिमों को अलग से आरक्षण देने की कोशिश का भी जिक्र किया। राजभर के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में इस तरह के आरक्षण को पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनके राजनीतिक सहयोगी अपनी मंशा पूरी करने के लिए संविधान में बदलाव करने की कोशिश कर सकते हैं।

Breaking News

मुस्लिम आरक्षण को लेकर संविधान बदलने की मंशा का लगाया आरोप

राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव और उनके गठबंधन के सहयोगियों पर सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान में समानता और धर्मनिरपेक्षता उसके मूल ढांचे का हिस्सा हैं और कोई भी ऐसा संशोधन, जो इस व्यवस्था के खिलाफ होगा, उसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती मिल सकती है। राजभर ने सवाल उठाया कि अगर मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण दिया जाता है तो SC, ST और OBC वर्गों के हिस्से से कितनी कटौती होगी। उन्होंने यह भी कहा कि 50 प्रतिशत की आरक्षण सीमा के भीतर नया कोटा बनाने पर दूसरे पिछड़े और दलित वर्गों का हिस्सा प्रभावित हो सकता है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव का SSR पर तंज, बोले- इसका उल्टा RSS; चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

बोले- आरक्षण में सेंध लगाना किसी के बाप की बपौती नहीं

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर संविधान बचाने की बात करने और खुद ही उसमें बदलाव की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के बनाए संविधान में समानता और धर्मनिरपेक्षता का विशेष महत्व है और आरक्षण के मौजूदा प्रावधानों के साथ छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। राजभर ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव संविधान को सबसे ऊपर मानते हैं तो उन्हें साफ कहना चाहिए कि उनके लिए संविधान बड़ा है और कुरान छोटा। उन्होंने कहा कि आरक्षण में सेंध लगाना किसी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है और इस पर संविधान की व्यवस्था ही सर्वोपरि है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts