Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिव्यांग बुजुर्ग की परेशानी सुनने कार्यालय के नीचे पहुंचे अध्यक्ष प्रतिनिधि, राशन-पानी की समस्या हल कराने के दिए निर्देश

सोहागपुर में दिव्यांग बुजुर्ग लक्ष्मण प्रसाद मेहरा राशन और पानी की समस्या लेकर नगर परिषद पहुंचे। अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
दिव्यांग बुजुर्ग की परेशानी सुनने कार्यालय के नीचे पहुंचे अध्यक्ष प्रतिनिधि, राशन-पानी की समस्या हल कराने के दिए निर्देश
सोहागपुर: दिव्यांग बुजुर्ग की समस्या

सोहागपुर। राशन नहीं मिलने और घर में नल से पानी की आपूर्ति बंद होने जैसी समस्याओं से परेशान एक दिव्यांग बुजुर्ग शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उनकी परेशानी की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल उनसे मिलने कार्यालय के नीचे पहुंचे और समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश भी दिए।

राशन की पर्ची नहीं होने से नहीं मिल रहा खाद्यान्न

गौतम वार्ड निवासी दिव्यांग बुजुर्ग लक्ष्मण प्रसाद मेहरा ने बताया कि उनके पास राशन की पर्ची नहीं है, जिसके चलते राशन दुकान से खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। घर में अकेले रहने वाले लक्ष्मण प्रसाद ने नल से पानी नहीं आने सहित अन्य परेशानियां भी अध्यक्ष प्रतिनिधि के सामने रखीं।

उनकी समस्याएं सुनने के बाद यशवंत पटेल ने तत्काल वार्ड प्रभारी प्रबुद्ध दुबे को मौके पर बुलाया और सभी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं बुजुर्ग के आधार कार्ड की फोटो ली और आश्वस्त किया कि अब उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कार्यालय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा।

Sohagpur

विधायक ने उपलब्ध कराई थी मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल

इस दौरान लक्ष्मण प्रसाद मेहरा ने बैटरी से चलने वाली मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराने के लिए विधायक विजयपाल सिंह और नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल के प्रति आभार जताया। दरअसल, कुछ समय पहले विधायक विजयपाल सिंह गौतम वार्ड में जनसंपर्क के दौरान लक्ष्मण प्रसाद मेहरा के घर पहुंचे थे। इस दौरान बुजुर्ग ने उन्हें दुर्घटना में घायल होने और बाद में पैर कटने की पीड़ा बताई थी। उनकी परिस्थिति को देखते हुए विधायक ने विगत दिनों आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच से उन्हें बैटरी से चलने वाली मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराई थी।

शुक्रवार को लक्ष्मण प्रसाद इसी ट्राईसाईकिल से अपनी राशन और पानी सहित अन्य समस्याओं को लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे थे। यहां उनकी परेशानी सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts