मध्यप्रदेश में गधे के नाम पर जारी हुआ नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 2,050 रुपए फीस भी जमा; सरकारी पोर्टल की खुली पोल

मध्यप्रदेश में सरकारी ऑनलाइन पोर्टल की एक ऐसी चूक सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य विभाग और नर्सिंग पंजीयन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक व्यक्ति ने गधे के नाम से नर्सिंग रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया और उसे बाकायदा डिजिटल सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि आवेदन में पिता का नाम 'डोंकी फादर', माता का नाम 'डोंकी मदर' और जाति 'एनिमल' लिखी गई थी। इसके बावजूद पोर्टल ने आवेदन स्वीकार कर लिया और 2,050 रुपए फीस जमा होने के बाद नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र जारी कर दिया। मामला सामने आने के बाद भोपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैसे जारी हुआ नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट?
यह मामला मध्यप्रदेश नर्सिंग पंजीयन परिषद के ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ा है। शिकायतकर्ता और एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार के मुताबिक, उन्होंने सरकारी पोर्टल की कार्यप्रणाली और उसमें मौजूद कमियों की जांच करने के लिए एक परीक्षण आवेदन किया था। उन्होंने आवेदन में नाम 'डोंकी एमटीएनआरसी' दर्ज किया। वहीं, पिता के नाम वाले कॉलम में 'डोंकी फादर', माता के नाम में 'डोंकी मदर' और जाति के स्थान पर 'एनिमल' लिखा। इसके बावजूद ऑनलाइन सिस्टम ने आवेदन को स्वीकार कर लिया। आरोप है कि पोर्टल ने न तो आवेदक की पहचान की सही तरीके से जांच की और न ही आवेदन में दर्ज असामान्य जानकारियों को लेकर कोई आपत्ति जताई। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ती रही और आखिरकार नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी हो गया।
2,050 रुपए फीस जमा होते ही मिल गया डिजिटल सर्टिफिकेट
रवि परमार के अनुसार, आवेदन स्वीकार होने के बाद उन्होंने 2,050 रुपए की फीस भी जमा की। इसके बाद 25 सितंबर को डिजिटल नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। इस प्रमाणपत्र पर बाकायदा आवेदन संख्या और पंजीयन नंबर दर्ज हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सर्टिफिकेट की वैधता 24 सितंबर 2031 तक बताई गई है। यानी पोर्टल ने कथित तौर पर एक ऐसे आवेदन को भी मंजूरी दे दी, जिसमें आवेदक की जानकारी ही असामान्य थी। इस घटना ने ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन और पहचान की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब आवेदन में इतनी स्पष्ट रूप से गलत जानकारियां दर्ज थीं, तो सिस्टम ने उसे रोकने के बजाय प्रमाणपत्र कैसे जारी कर दिया?
भोपाल में अब रविवार को भी बनेंगे आधार कार्ड, 3 बड़े डाकघरों में मिलेगी सुविधा
रवि परमार बोले- 'पोर्टल की खामी उजागर करना था मकसद'
इस मामले की शिकायत करने वाले रवि परमार ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी गलत तरीके से नर्सिंग पंजीयन हासिल करना नहीं था। उनका कहना है कि उन्होंने यह परीक्षण सरकारी ऑनलाइन व्यवस्था में मौजूद कमियों को सामने लाने और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए किया था। उन्होंने पोर्टल की खामी उजागर करने के बाद 1 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, यह मामला सिर्फ एक प्रमाणपत्र जारी होने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सरकारी पोर्टल पर होने वाले सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठते हैं।
भोपाल पुलिस ने शुरू की जांच, नर्सिंग परिषद को नोटिस
गधे के नाम पर नर्सिंग सर्टिफिकेट जारी होने का मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है। भोपाल पुलिस ने शिकायतकर्ता रवि परमार को नोटिस देकर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। 27 नवंबर को रवि परमार भोपाल जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को मामले से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी सौंपे। पुलिस अब इन दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी राघवेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक, इस मामले में मध्यप्रदेश नर्सिंग पंजीयन परिषद को नोटिस भेजा गया है। पुलिस संबंधित रिकॉर्ड और सबूत जुटा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रवि परमार का दावा है कि परिषद का कोई प्रतिनिधि अब तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ है।
सरकारी पोर्टल की सुरक्षा और सत्यापन पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने सरकारी डिजिटल सेवाओं की विश्वसनीयता पर बहस छेड़ दी है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से लोगों का समय बचता है और सरकारी कामकाज आसान होता है, लेकिन इसके साथ पहचान और दस्तावेजों का सही सत्यापन भी जरूरी है। नर्सिंग जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र में पंजीयन की प्रक्रिया और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि इससे जुड़े प्रमाणपत्र पेशेवर योग्यता और पहचान से संबंधित होते हैं। ऐसे में आवेदन की जांच में लापरवाही मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े सवाल भी खड़े कर सकती है।



















