Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'रास्ते की हर रुकावट हटाकर रहेंगे', महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर PM मोदी का VIDEO संदेश जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी किया है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने देश की नारी शक्ति से जो वादा किया है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को हटाकर रहेंगे।
'रास्ते की हर रुकावट हटाकर रहेंगे', महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर PM मोदी का VIDEO संदेश जारी
PM नरेंद्र मोदी बोले- महिलाओं को संसद में भागीदारी से नहीं रोक पाएगा कोई

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संदेश दिया है। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर कहा कि सरकार महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने के अपने वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा। PM मोदी ने भरोसा जताया कि देश की महिलाओं का आशीर्वाद सरकार के साथ है और उनका हौसला बुलंद है। यह संदेश ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। दूसरी ओर, विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। ऐसे में महिला आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर देश की राजनीति के केंद्र में आ गया है।

वीडियो जारी कर दोहराई महिला आरक्षण की प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर वीडियो साझा करते हुए कहा, हमने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वीडियो संदेश में PM मोदी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह खुद भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश की कई महिलाएं उनसे इस विषय पर बात करती रही हैं और पत्र लिखकर अपनी अपेक्षाएं भी जाहिर करती रही हैं। PM मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के खिलाफ आने वाली हर बाधा को हटाने का प्रयास किया जाएगा।

X Post

'हमारा हौसला बुलंद और इरादा अडिग है'- PM मोदी

अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में ज्यादा भागीदारी हासिल करने से नहीं रोक पाएंगी।PM मोदी के इस बयान को महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार के राजनीतिक और विधायी रुख के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि महिलाओं को विधायिका में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। वहीं, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आज जलेगा कार्तिगई दीपम, PM मोदी ने ‘भगवान मुरुगन की जय’ कहकर जताई खुशी

क्या है महिला आरक्षण कानून और महिलाओं को कितना मिलेगा फायदा?

महिला आरक्षण का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया। हालांकि, कानून में आरक्षण लागू करने को जनगणना के बाद होने वाली परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा गया था। इसी वजह से इसके वास्तविक क्रियान्वयन को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। अगर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होता है, तो संसद और विधानसभाओं में महिला प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ेगी। इससे कानून बनाने, नीतियां तय करने और देश के राजनीतिक फैसलों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूती मिल सकती है।

परिसीमन बिल में क्या है खास?

महिला आरक्षण के साथ परिसीमन का मुद्दा भी चर्चा में है। परिसीमन का मतलब है चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं और उनके प्रतिनिधित्व का नए सिरे से निर्धारण करना। इसका उद्देश्य आबादी और प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाना होता है। केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे नए प्रस्तावों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान शामिल है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक हो सकती है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करने की बात कही गई है। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित बदलावों से महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने में मदद मिलेगी। वहीं, परिसीमन के आधार, सीटों के बंटवारे और राज्यों के प्रतिनिधित्व पर इसके संभावित असर को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार ने विधेयकों की प्रतियां सांसदों को उपलब्ध कराई हैं, ताकि वे प्रस्तावों का अध्ययन कर सकें और चर्चा के दौरान अपने सवाल उठा सकें। संविधान संशोधन से जुड़े विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होती है। इसलिए सरकार के सामने विधेयकों को लेकर सांसदों का समर्थन जुटाना भी एक अहम चुनौती होगी।

'पंजाब और पंजाबियों का हित सर्वोपरि', अकाली दल की NDA में वापसी पर PM मोदी ने जताई खुशी

विपक्ष के उठे सवाल

दूसरी ओर, परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। 28 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें संसद के विशेष सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। विपक्ष की ओर से परिसीमन की प्रक्रिया, राज्यों के प्रतिनिधित्व और विधेयकों के प्रावधानों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों की चिंता है कि परिसीमन के जरिए राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के अनुपात पर क्या असर पड़ेगा। वहीं, सरकार का पक्ष है कि प्रस्तावित बदलावों में राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं।

अब संसद की चर्चा पर टिकी निगाहें

महिला आरक्षण का मुद्दा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध देश की करोड़ों महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से है। एक ओर सरकार इसे महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देने की दिशा में अहम कदम बता रही है, वहीं विपक्ष परिसीमन से जुड़े प्रावधानों पर स्पष्टता और चर्चा की मांग कर रहा है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts