Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

परिसीमन बिल पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- सरकार नंबर के लिए पार्टियों को तोड़ रही, SC-ST के हितों का ध्यान नहीं रखा गया

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक कर सरकार के प्रस्ताव पर चर्चा की। बैठक में विपक्षी दलों ने विधेयक का विरोध करने और इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का फैसला किया।
परिसीमन बिल पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- सरकार नंबर के लिए पार्टियों को तोड़ रही, SC-ST के हितों का ध्यान नहीं रखा गया
परिसीमन बिल पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया और आरोप लगाया कि सरकार इसके जरिए सत्ता अपने हाथ में रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों को नजरअंदाज किया गया है। वहीं, INDIA गठबंधन के नेताओं ने संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करने पर सहमति जताई है।

खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक

संसद के विशेष सत्र को लेकर शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा हुई। बैठक में RJD, TMC, IUML और RSP समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए, जबकि NCP (SP) ने इससे दूरी बनाए रखी।

ये भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर सरकार को YSRCP का साथ, DMK ने रखी शर्त, लोकसभा में 850 सीटें करने की तैयारी

खड़गे बोले- परिसीमन लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन के जरिए सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता में बने रहना चाहती है। खड़गे ने कहा कि इस विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है और उनके साथ नाइंसाफी की गई है।

SC-ST की आबादी के अनुपात में सीटें बढ़ाने की मांग

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या संबंधित राज्य की कुल सीटों और वहां SC-ST की आबादी के अनुपात के आधार पर तय होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इन वर्गों की आबादी बढ़ती है, तो उनके लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए। खड़गे के मुताबिक, सरकार के प्रस्तावित विधेयक में इस तरह का कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

सरकार पर पार्टियों को तोड़ने और सत्ता में बने रहने का आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिए विपक्षी दलों को तोड़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सीटों की संख्या बढ़ाकर हमेशा सत्ता में बने रहना चाहती है। खड़गे ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपनी मर्जी के फैसले लागू करने के लिए संविधान संशोधन का सहारा ले सकती है और संविधान में बदलाव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

Breaking News

राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता बैठक में रहे मौजूद

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, RJD के अभय कुमार सिंह और मनोज झा शामिल हुए। इनके अलावा CPI के पी. संतोष कुमार, IUML के ई.टी. मोहम्मद बशीर और RSP के एन.के. प्रेमचंद्रन भी बैठक में मौजूद रहे। प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने भी इसमें हिस्सा लिया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts