SSC GD भर्ती 2026:लाखों उम्मीदवारों का इंतजार बढ़ा, 23 फरवरी को नहीं होगी परीक्षा

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए चौंकाने वाली खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कॉन्स्टेबल (GD) भर्ती परीक्षा 2026 को पोस्टपॉन कर दिया है। यह परीक्षा पहले 23 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसे अगले आदेश तक टाल दिया गया है। आयोग ने साफ कहा है कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
आधिकारिक नोटिस में क्या कहा?
17 फरवरी 2026 को जारी SSC नोटिस के अनुसार, कॉन्स्टेबल (GD) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा फिलहाल आयोजित नहीं की जाएगी। परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी समय आने पर SSC की वेबसाइट पर दी जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
किन भर्तियों के लिए होनी थी परीक्षा?
SSC GD परीक्षा के जरिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती की जाती है। इसमें शामिल हैं:
- CRPF
- BSF
- CISF
- ITBP
- SSF
- असम राइफल्स
इस परीक्षा के माध्यम से जीडी कॉन्स्टेबल और राइफलमैन (GD) के पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं। हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं।
स्लॉट चयन की सुविधा नहीं मिलेगी
SSC ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा में उम्मीदवार अपनी सुविधा अनुसार तारीख या समय नहीं चुन सकेंगे। परीक्षा शहर की जानकारी परीक्षा शुरू होने से 8-10 दिन पहले दी जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से 2-3 दिन पहले जारी किए जाएंगे।
परीक्षा स्थगित होने के संभावित कारण
आयोग ने अभी परीक्षा स्थगित करने की आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन जानकारों के अनुसार तारीखों का टकराव मुख्य वजह हो सकती है। वर्तमान में MTS परीक्षा देशभर में चल रही है, जो 19 फरवरी तक निर्धारित थी। कई जगह इसकी तारीख बदलने के कारण SSC GD परीक्षा को भी टालना पड़ा।
पहले से दिख रहे थे संकेत
परीक्षा स्थगित होने के संकेत पहले ही दिख रहे थे। आमतौर पर SSC परीक्षा से पहले स्लॉट बुकिंग और परीक्षा शहर की जानकारी जारी करता है। इस बार ऐसा नहीं हुआ, जिससे अभ्यर्थियों में आशंका बढ़ गई थी कि परीक्षा टल सकती है।
अभ्यर्थियों की तैयारी प्रभावित
परीक्षा स्थगित होने के बाद अब लाखों उम्मीदवार नई तारीखों का इंतजार कर रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने 23 फरवरी को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी और यात्रा की योजना बनाई थी। परीक्षा टलने से उन्हें दोबारा तैयारी की रणनीति बनानी पड़ेगी।
भर्ती विवरण
इस भर्ती के माध्यम से कुल 25,487 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पदों का विवरण इस प्रकार है-
- BSF- 616 पद
- CISF-14,595 पद
- CRPF-5,490 पद
- SSB-1,764 पद
- ITBP-1,293 पद
- असम राइफल्स- 1,706 पद
- SSF-23 पद
परीक्षा पैटर्न
SSC GD कॉन्स्टेबल परीक्षा में उम्मीदवारों से 80 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे।
- प्रत्येक सही उत्तर: 2 अंक
- प्रत्येक गलत उत्तर: 0.25 अंक की कटौती
- उत्तर न देने पर: कोई अंक नहीं
- पेपर में चार खंड होंगे और प्रत्येक खंड से 20-20 सवाल पूछे जाएंगे।
सवालों के विषय जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग, जनरल नॉलेज एवं जनरल अवेयरनेस, एलिमेंट्री मैथमेटिक्स, हिंदी/इंग्लिश हैं।











