सुबह 5 बजे पूर्व मंत्री के घर पहुंची ED की टीम, पंजाब में 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी से मची हलचल

होशियारपुर। पंजाब में सोमवार सुबह उस समय हलचल बढ़ गई, जब ED की टीम पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर पहुंची। सुबह करीब 5 बजे अधिकारियों ने उनके घर में प्रवेश किया और तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान अरोड़ा घर के अंदर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अधिकारी तीन से चार गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। उनके साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात थे। यह कार्रवाई केवल होशियारपुर तक सीमित नहीं रही, बल्कि पंजाब और चंडीगढ़ के कई अन्य स्थानों पर भी जांच की गई।
16 ठिकानों पर ED की एक साथ कार्रवाई
ED की जालंधर टीम ने सुंदर शाम अरोड़ा और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दायरे में होशियारपुर के अलावा मोहाली, चंडीगढ़, जालंधर और लुधियाना जैसे शहर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के आवास के साथ उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर भी जांच की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड की जांच की। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या मिला और किन लोगों से पूछताछ की गई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
महादेव ऐप केस: मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान से भारत लाया गया, CBI कल रायपुर कोर्ट में करेगी पेश
पांच करोड़ की रिश्वत के आरोपों से जुड़ा मामला
ED की इस कार्रवाई को मोहाली में जमीन के सौदे और रिश्वत के आरोपों से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोप है कि करीब 25 एकड़ जमीन की डील और उसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) दिलाने के बदले पांच करोड़ रुपये की रिश्वत ली गई थी। जांच में गुलमोहर टाउनशिप की ओर से जमीन का समझौता होने से पहले ही 27.5 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई थी। इस जमीन की NOC 17 नवंबर 2020 को जारी हुई थी। जांच में सुंदर शाम अरोड़ा के बेटे प्रतीक अरोड़ा की रियल एस्टेट कंपनी में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की जानकारी भी सामने आई है।
पहले भी जांच एजेंसियों के निशाने पर रहे अरोड़ा
सुंदर शाम अरोड़ा इससे पहले भी कई मामलों को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। उनके खिलाफ आयकर विभाग और पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की ओर से भी जांच की गई थी। एक चर्चित मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने उन पर एक अधिकारी को 50 लाख रुपये की रिश्वत देने का आरोप लगाया था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। बताया जाता है कि यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।
घर के अंदर जांच जारी
सोमवार सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल ED की टीम अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही है।




















