Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी छात्रावास में अधीक्षक की हैवानियत! 11वीं के छात्र को प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पीटा, निलंबन की कार्रवाई शुरू

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के शिकारा सीनियर बालक छात्रावास में अधीक्षक पर शराब के नशे में 11वीं के छात्र को प्लास्टिक पाइप से पीटने का आरोप लगा है।
सिवनी छात्रावास में अधीक्षक की हैवानियत! 11वीं के छात्र को प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पीटा, निलंबन की कार्रवाई शुरू

सिवनी/घंसौर। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर विकासखंड स्थित शिकारा सीनियर बालक छात्रावास से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां छात्रावास अधीक्षक पर शराब के नशे में 11वीं कक्षा के एक छात्र की मोटे प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि छात्र की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने छात्रावास में सफाई के दौरान थूक दिया था। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने अधीक्षक के निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामूली बात पर भड़का अधीक्षक, पाइप से की पिटाई

जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात की है। छात्रावास में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान थूकने की बात को लेकर अधीक्षक नाराज हो गया। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। गुस्से में उसने 11वीं के छात्र को पकड़कर मोटे प्लास्टिक के पाइप से पीटना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि छात्र पिटाई के दौरान चीखता रहा और अधीक्षक से रहम की गुहार लगाता रहा। उसने माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उसकी पिटाई जारी रही। मारपीट में छात्र के शरीर पर गंभीर चोट के निशान आने की बात सामने आई है।

परिजनों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन देर रात छात्रावास पहुंचे। उन्होंने अधीक्षक के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद परिजनों ने घंसौर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक, घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।

अधीक्षक के निलंबन की कार्रवाई शुरू

मामले को जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त और सिवनी कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। सहायक आयुक्त लालजी राम मीना ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं और छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Umesh Shrivastava
By Umesh Shrivastava

Latest Posts