Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भाजपा सांसद वीडी के गढ़ में कांग्रेस नहीं, सपा लेगी टक्कर

लोकसभा चुनाव के लिए समझौता: 2019 के चुनाव में 4.92 लाख वोटों से हुई थी कांग्रेस की हार
Follow on Google News
भाजपा सांसद वीडी के गढ़ में कांग्रेस नहीं, सपा लेगी टक्कर

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन के समझौते के तहत मप्र में कांग्रेस एक सीट समाजवादी पार्टी को देने को तैयार हो गई है। खजुराहो सीट से वर्तमान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सांसद हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की कविता सिंह को 4 लाख 92 हजार 382 वोटों के अंतर से हराया था। विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और अखिलेश यादव की बात नहीं बनने पर अब राष्ट्रीय स्तर पर इस विषय पर फैसला किया गया है। लखनऊ में सपा और कांग्रेस नेताओं की संयुक्त पत्रकार वार्ता में यह ऐलान किया गया कि कांग्रेस मप्र में खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी को देने को तैयार है।

99 के बाद से नहीं जीती कांग्रेस : खजुराहो लोकसभा सीट पर कांग्रेस 1999 के बाद नहीं जीती। उस चुनाव में कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी इस सीट से सांसद चुने गए थे। इससे पहले उमा भारती सांसद रह चुकी हैं।

खजुराहो में पांच एकड़ में बनेगा सपा कार्यालय

खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा उप्र की सीमा से लगा हुआ है। विधानसभा चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव ने छतरपुर, पन्ना, निवाड़ी, टीकमगढ़, शिवपुरी जिलों की विधानसभा सीटों पर चुनाव पर प्रचार किया था। प्रचार के दौरान सपा प्रमुख ने अपना ठिकाना खजुराहो ही बनाया था। 2 दिसंबर को सपा ने खजुराहो में पांच एकड़ जमीन खरीदी। यहां सपा का बड़ा कार्यालय बनाया जाएगा।

कौन लड़ेगा सपा से चुनाव?

सीट शेयरिंग में सपा ने कांग्रेस से खजुराहो से सीट ले तो ली लेकिन यहां से कौन चुनाव लड़ेगा यह बड़ा सवाल है। सपा ने पिछली बार वीर सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया था। पटेल सपा और बसपा गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी थे। वीर सिंह उप्र से ताल्लुक रखते हैं। लोस चुनाव में भाजपा के वीडी शर्मा को 8,11,135 और कांग्रेस की कविता सिंह को 3,18,753 वोट मिले थे। जबकि सपा के वीर सिंह पटेल को 40,077 वोट मिले थे। 2014 में सपा से सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाह सपा प्रत्याशी थे। उन्हें 40069 वोट मिले थे।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts