सागर में नर्मदा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा, ट्रॉली पलटने से 3 की मौत

सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 36 ग्रामीण सवार थे, जो बरमान से नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए जबकि कुछ सड़क पर जा गिरे। घायलों में कई लोगों के हाथ-पैर टूट गए और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे थे 36 ग्रामीण
देवरी एसडीएम मुनव्वर खान के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी ग्रामीण सागर जिले की बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के रहने वाले थे। सभी लोग नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए बरमान गए थे। वहां से लौटते समय रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में 36 लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौके पर मौत हो गई जबकि बाकी 33 लोग घायल हो गए।
ट्रॉली के नीचे दब गए लोग, सड़क पर मची चीख-पुकार
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार कई लोग नीचे दब गए। कुछ यात्री उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में कई लोगों के हाथ-पैर टूट गए, जबकि कुछ के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दर्द से कराहते रहे और मदद के लिए आवाज लगाते रहे। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जबलपुर के भेड़ाघाट में भीषण हादसा: ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, तीन की मौत
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत, 33 घायल
हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी 36 लोग ग्राम गढ़हौला गोसाई के रहने वाले बताए गए हैं। सभी नर्मदा स्नान कर वापस लौट रहे थे लेकिन गांव पहुंचने से पहले ही दुर्घटना का शिकार हो गए।




















