Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

US के एयरपोर्ट पर बेटी को पकड़कर ले गए ICE के अधिकारी! चिल्लाती रही मां, VIDEO वायरल

अमेरिका के सिएटल-टाकोमा एयरपोर्ट पर ICE अधिकारियों ने विमान में चढ़ रहे दो मेक्सिकन नागरिकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान एक महिला अपनी बेटी को ले जाने से रोकती रही और वर्क परमिट होने की बात कहती रही। घटना के वीडियो से हंगामा मच गया। अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट में देरी हुई और गवर्नर ने कार्रवाई पर सवाल उठाए।
US के एयरपोर्ट पर बेटी को पकड़कर ले गए ICE के अधिकारी! चिल्लाती रही मां, VIDEO वायरल
लॉस एंजिलिस जाने वाली फ्लाइट में देरी! यात्रियों के सामने दो लोगों को पकड़कर ले गई ICE

अमेरिका के सिएटल-टाकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के अधिकारियों ने विमान में चढ़ने की तैयारी कर रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया। यह पूरी कार्रवाई यात्रियों के सामने विमान के जेट ब्रिज पर हुई। इस दौरान एक महिला अधिकारियों से अपनी बेटी को ले जाने से रोकने की गुहार लगाती रही। वह बार-बार कहती रही कि उसके पास वर्क परमिट है, लेकिन अधिकारियों ने उसकी बात नहीं मानी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें अधिकारी कम से कम एक व्यक्ति को पकड़कर वहां से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री घबरा गए। इसका असर उड़ान पर भी पड़ा और लॉस एंजिलिस जाने वाली फ्लाइट को रवाना होने में देरी हुई।

वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रहने का आरोप

ICE ने इस मामले में बयान जारी कर बताया कि उसके अधिकारियों ने एक विशेष अभियान के तहत मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार किया है। एजेंसी का कहना है कि रिकार्डो के वीजा की अवधि खत्म हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी वह अमेरिका में रह रहा था। इसे अमेरिकी आव्रजन कानूनों का उल्लंघन बताया गया है। एजेंसी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक अन्य यात्री सोफिया हर्नांडेज मेजिया ने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंक दी। ICE का दावा है कि सोफिया भी मेक्सिको की नागरिक है और उसके वीजा की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। एजेंसी ने कहा कि इस मामले में उस पर एक संघीय अधिकारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया जा सकता है। हालांकि, घटना के दौरान महिला की ओर से वर्क परमिट होने की बात कहे जाने का वीडियो सामने आया है। इस कार्रवाई को लेकर अब एयरलाइन से लेकर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक ने सवाल उठाए हैं।

बिना जानकारी दिए विमान में पहुंच गए ICE अधिकारी

यह घटना अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 में हुई। उड़ान से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, विमान को शनिवार सुबह 8:10 बजे लॉस एंजिलिस के लिए रवाना होना था। लेकिन ICE अधिकारियों की कार्रवाई के कारण उड़ान में देरी हो गई। अलास्का एयरलाइंस ने बताया कि ICE अधिकारियों ने इस अभियान के बारे में कंपनी को पहले से कोई जानकारी नहीं दी थी। विमान में यात्रियों के बैठने के दौरान हुई इस कार्रवाई से यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि वह हर यात्री के साथ सम्मान और अच्छे व्यवहार के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने यह भी कहा कि इस घटना से प्रभावित यात्रियों और कर्मचारियों की परेशानी को गंभीरता से लिया जा रहा है।

X Post

वीडियो में यात्रियों के सामने दिखी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बिना पहचान वाले जैकेट और खाकी पैंट पहने अधिकारी एक व्यक्ति को जमीन पर काबू करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आसपास कई यात्री अपने बैग के साथ खड़े होकर पूरी घटना देखते रहे। विमान में चढ़ने के लिए पहुंचे यात्रियों के सामने हुई इस कार्रवाई ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी मांगा जवाब

अलास्का एयरलाइंस ने बताया कि वह सिएटल एयरपोर्ट का प्रबंधन करने वाली संस्था पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही है। कंपनी यह पता लगाना चाहती है कि ICE अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान तय नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया था या नहीं। पोर्ट ऑफ सिएटल ने भी इस घटना को वहां मौजूद यात्रियों और प्रभावित परिवार के लिए परेशान करने वाला बताया। प्रबंधन का कहना है कि वह संघीय एजेंसियों से संपर्क कर कार्रवाई से जुड़ी जानकारी जुटाएगा।

वाशिंगटन के गवर्नर ने ICE पर उठाए सवाल

इस घटना के बाद वाशिंगटन के डेमोक्रेटिक गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने भी ICE की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों के इस तरीके को 'गहराई से गैर-अमेरिकी' बताया और एजेंसी को खत्म करने की मांग की। श्रमिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में गवर्नर ने कहा कि वीडियो में दिखाई गई कार्रवाई डराने वाली है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में ऐसी आव्रजन और सीमा सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, जो कानून का पालन कराने के साथ-साथ इंसानियत और नैतिकता का भी ध्यान रखे। फर्ग्यूसन ने यह भी सवाल उठाया कि ICE के अधिकारियों को विमान के जेट ब्रिज तक पहुंचने की अनुमति कैसे मिली। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या अधिकारियों ने मार्च में लागू किए गए राज्य के उस कानून का उल्लंघन किया है, जिसमें कानून लागू करने वाले अधिकारियों के चेहरे ढकने पर रोक से जुड़े नियम हैं।

श्रमिक संगठन ने भी जताई नाराजगी

वाशिंगटन स्टेट लेबर काउंसिल (AFL-CIO) की अध्यक्ष अप्रैल सिम्स ने भी इस घटना पर चिंता जताई। यह संगठन 6 लाख से ज्यादा कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने बताया कि उस विमान में यूनियन के सदस्य भी मौजूद थे। सिम्स के मुताबिक, साल के सबसे व्यस्त यात्रा समय में इस तरह की कार्रवाई से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के कर्मचारी पहले से ही काफी दबाव में काम कर रहे हैं और यात्री भी कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में इस कार्रवाई ने लोगों के बीच डर और अव्यवस्था बढ़ा दी।

अमेरिका के एयरपोर्ट पर बढ़ रही हैं ICE की गिरफ्तारियां

बताया जा रहा है कि अमेरिका में गर्मियों के बाद से ICE ने एयरपोर्ट पर गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ाई है। एजेंसी खासतौर पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रह रहे हैं। सिएटल एयरपोर्ट की यह घटना भी इसी तरह की कार्रवाई का हिस्सा बताई जा रही है। हालांकि, इस बार विमान में चढ़ते समय यात्रियों के सामने हुई गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन इस बात की जानकारी जुटा रहे हैं कि पूरी कार्रवाई किस प्रक्रिया के तहत की गई थी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts