Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

200 साल की विरासत का उत्सव: नर्मदा-तवा संगम पर बांद्राभान मेले का आगाज, पांच दिन में जुटेंगे 5 लाख श्रद्धालु

नर्मदापुरम के ऐतिहासिक बांद्राभान मेले का नर्मदा और तवा नदी के संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ हुआ। 26 नवंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय मेले में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। 25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा।
200 साल की विरासत का उत्सव: नर्मदा-तवा संगम पर बांद्राभान मेले का आगाज, पांच दिन में जुटेंगे 5 लाख श्रद्धालु
नर्मदापुरम। नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल पर रविवार को बांद्राभान मेले का शुभारंभ किया गया।

नर्मदापुरम। दो सदियों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नर्मदा और तवा नदी के संगम पर प्रसिद्ध बांद्राभान मेले की शुरुआत हो गई है। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जनप्रतिनिधियों ने मां नर्मदा एवं तवा नदी का पूजन कर पांच दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। 200 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के चलते बांद्राभान मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।

25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान

मेले का प्रमुख आकर्षण 25 नवंबर को होने वाला कार्तिक पूर्णिमा का स्नान रहेगा। श्रद्धालु तड़के से ही नर्मदा-तवा संगम पर पहुंचकर पुण्य स्नान करेंगे। इस बार तवा नदी में जलस्तर कम होने के कारण श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने में अपेक्षाकृत आसानी होगी। आयोजन के दौरान 25 नवंबर की रात भक्ति संगीत का विशेष कार्यक्रम भी होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी। उनके भजनों के साथ मेले में धार्मिक माहौल और भक्तिमय रंग देखने को मिलेगा।

/img/89/1795344326804

सांसद दर्शन सिंह और विधायक डॉ. शर्मा ने किया शुभारंभ

मेले के शुभारंभ अवसर पर सांसद दर्शन सिंह  चौधरी और नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा उपस्थित थे। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि बांद्राभान मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की दो सौ साल पुरानी संस्कृति, परंपरा और आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संगम क्षेत्र में मेले की रौनक बढ़ने लगी है। परिसर में झूले, दुकानें और विभिन्न प्रकार के मनोरंजन व खानपान के इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं के साथ आने वाले परिवारों को भी आकर्षित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: नर्मदा तट के सूरजकुंड में बनेगा भगवान परशुराम मंदिर, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में भूमि पूजन

पुलिस, होमगार्ड और गोताखोर तैनात

पांच लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की विशेष योजना बनाई है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नदी के घाटों पर पुलिस बल, होमगार्ड जवानों और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियंत्रण के लिए परमिट व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा सड़कों और पुलियाओं पर सुरक्षा रेलिंग लगाई गई हैं, ताकि भीड़ के दौरान आवागमन सुचारू रहे और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका कम की जा सके। 

ये भी पढ़ें: PU Special : पिता से सीखा हुनर बना परिवार का सहारा; जबलपुर की नीतू ने थामी नाव की पतवार, पर्यटकों को कराती हैं मां नर्मदा के दर्शन

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts