Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

द. अफ्रीका ने गत चैंपियन इंग्लैंड को 229 रन से रौंदा

आईसीसी वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका के क्लासेन ने 67 गेंदों पर बनाए 109 रन
Follow on Google News
द. अफ्रीका ने गत चैंपियन इंग्लैंड को 229 रन से रौंदा

मुंबई। हेनरिच क्लासेन की आतिशी शतकीय पारी और मार्को यानसेन के साथ छठे विकेट के लिए 77 गेंद में 151 रन की साझेदारी के बाद गेंदबाजों के दबदबे वाले प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी विश्व कप के एकतरफा मैच में शनिवार को यहां इंग्लैंड को रिकॉर्ड 229 रन से हराया। एकदिवसीय मैचों में रनों के लिहाज से गत चैंपियन इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार है। दक्षिण अफ्रीका की यह सफलता विश्व कप के इतिहास में संयुक्त रूप से छठी सबसे बड़ी जीत है।

इंग्लैंड को पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड ने हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट पर 399 रन बनाने के बाद इंग्लैंड की पारी को 22 ओवर में 170 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड के रीस टॉपली ने बल्लेबाजी नहीं की। इस हार के बाद इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में चार मैचों में तीन हार के बाद नौवें स्थान पर खिसक गई है। दक्षिण अफ्रीका तीन जीत के साथ तीसरे स्थान पर आ गया।

क्लासेन ने अपनी चौथी शतकीय पारी के दौरान चार छक्के और 12 चौके जड़े। उन्होंने 67 गेंद में 109 रन बनाए। यानसेन ने 42 गेंद की नाबाद पारी में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 75 रन बनाए। यह उनके कॅरियर का पहला अर्धशतक है। इससे पहले रीजा हेंड्रिक्स (75 गेंद में 85 रन) और रासी वेन डर डुसेन (61 गेंद में 60 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने छठे ओवर तक तीन, 12वें ओवर तक छह और 17वें ओवर तक 100 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे।

गस एटकिंसन (35) और मार्क वुड (नाबाद 43) ने नौवें विकेट के लिए 32 गेंद में 70 रन की साझेदारी कर टीम को और फजीहत का सामना करने से बचा लिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएट्जी ने तीन, जबकि लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन ने दो-दो तथा कागिसो रबाडा और केशव महाराज ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बेयरस्टो (10) ने पहले ओवर में एनगिडी पर छक्का लगाकर आक्रामक तेवर दिखाया लेकिन इस गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में उन्हें चलता कर दिया।

Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts