सोहागपुर:24 घंटे का सांकेतिक अनशन समाप्त, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
सोहागपुर। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोहागपुर के छात्र-छात्राओं ने 24 घंटे की सांकेतिक शांतिपूर्ण भूख हड़ताल पूरी करने के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एसडीएम सोहागपुर के माध्यम से भेजा गया। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से विद्यार्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है और कई परिवार मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में उठाई आवाज
छात्रों ने बताया कि उनका यह आंदोलन नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया। उनका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन में रखीं ये प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें कीं, जिनमें-
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा लेने की मांग।
- पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में समयबद्ध न्यायिक जांच।
- दोषी अधिकारियों, संगठनों और गिरोहों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई।
- परीक्षा प्रणाली में व्यापक और स्थायी सुधार लागू किए जाएं।
- पेपर लीक से प्रभावित विद्यार्थियों और उनके परिवारों को न्याय तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ये भी पढ़ें: बेटमा में कांग्रेस का प्रदर्शन: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
शांतिपूर्ण आंदोलन का किया दावा
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहा। इसका उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग उठाना है। उन्होंने केंद्र सरकार से जल्द प्रभावी कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए कठोर और निर्णायक कार्रवाई जरूरी है।
ये भी पढ़ें: वन विभाग में पदोन्नति पर विवाद: आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप, SC-ST कर्मचारियों ने उठाए सवाल
इन छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन देने वालों में पुष्पराज सिंह पटेल, सुधीर ठाकुर, प्रशांत जायसवाल, हरगोविंद पुरविया, जलज शर्मा, कार्तिक शर्मा, मंजेश पटेल, नीरज चौधरी, गजेंद्र चौधरी, ऋषभ दीक्षित, आजाद पटेल, प्रतीक तिवारी, जयभानु चंदेल, इरफान खान, अनंत तिवारी, स्वर्णा तिवारी, मयंक रघुवंशी (CS-MP AIR-1), इंजी. फैजान खान, अंकित पटेल, सुमित ठाकुर, देवांक सराठे, योगेश रघुवंशी, आयुष पालीवाल, वेदांत सोनी, मयंक दुबे और अमन मालवीय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
Edited By: Sumit Shrivastava














