Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी 'पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर' ने ली, भारत को दी बड़े हमलों की धमकी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले को लेकर एक नए संगठन ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन ने भारत में बड़े हमलों की धमकी भी दी है।
कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी 'पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर' ने ली, भारत को दी बड़े हमलों की धमकी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी 'पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर' ने लेने का दावा किया।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF की टीम पर हुए आतंकी हमले को लेकर नया खुलासा हुआ है। 'पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर' नाम के संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन ने एक नोटिस जारी कर आने वाले दिनों में भारत में विनाशकारी हमलों की नई लहर शुरू करने की धमकी भी दी है। कुलगाम के नौपोरा इलाके में हुए इस हमले में CRPF के 3 जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

नए संगठन ने ली CRPF हमले की जिम्मेदारी

कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद 'पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर' नाम का संगठन चर्चा में आया है। संगठन ने एक नोटिस जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। नोटिस में संगठन ने हिंदुत्व शासन और RSS को निशाना बनाते हुए आने वाले दिनों में बड़े हमलों की चेतावनी दी है। उसने अपने संदेश में कथित तौर पर कहा है कि हमलों की यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उसका घोषित उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता। संगठन की ओर से उसके प्रवक्ता का नाम मोहम्मद उमर अज्जम बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों के संदर्भ में पहली बार इस संगठन का नाम सामने आया है। हालांकि, संगठन के दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, 3 जवानों के घायल होने की खबर

X Post

कुलगाम में CRPF के 3 जवान घायल

यह हमला जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के नौपोरा इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने CRPF की टीम को निशाना बनाया था। हालांकि, जवानों की सतर्कता के चलते आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। हमले में CRPF के 3 जवान घायल हुए हैं। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कटरा से किश्तवाड़ तक सुरक्षा सख्त, जगह-जगह चेकिंग

आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कटरा से जम्मू और कुलगाम से किश्तवाड़ तक सुरक्षाबल अलर्ट पर हैं। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि हमले में शामिल फरार आतंकियों का पता लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

कश्मीर में आतंकियों के दो मददगार दबोचे गए, बारामूला से पिस्तौल तो पुलवामा से हैंड ग्रेनेड और देश विरोधी पोस्टर बरामद

लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट पर भी शक

जांच एजेंसियों को आशंका है कि लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी इस हमले में शामिल हो सकता है। हालांकि, उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और वहां से जरूरी सबूत जुटाए। जांच एजेंसियां इन सबूतों के आधार पर हमले से जुड़े लोगों और उनकी साजिश का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

CRPF पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों के सामने हमले में शामिल आतंकियों की पहचान करना और उन्हें पकड़ना सबसे बड़ी चुनौती है। वहीं, नए संगठन की ओर से दी गई धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts