सोहागपुर में धूमधाम से मना नाग पंचमी का पर्व, चौरसिया समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा

सोहागपुर। नगर में सोमवार को नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। चौरसिया समाज द्वारा नाग पंचमी को चौरसिया दिवस के रूप में मनाने की परंपरा के तहत इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत-सत्कार कर अभिनंदन किया। हिंदू पंचांग के अनुसार सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी को नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन नाग देवता की पूजा-अर्चना की जाती है। चौरसिया समाज में इस अवसर पर घरों में विशेष रूप से पान की बेल का पूजन करने की परंपरा भी है।
शिव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा
चौरसिया समाज की शोभायात्रा जवाहर वार्ड स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा पुराना सरकारी अस्पताल रोड, बिहारी चौक एवं मुख्य बाजार क्षेत्र से होते हुए मंगल भवन पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, बच्चे एवं युवा शामिल हुए। मंगल भवन पहुंचने के बाद समाजजनों द्वारा नागकन्या का पूजन-अर्चन कर आरती की गई। इसके बाद भंडारा एवं प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में शाही अंदाज में निकले बाबा महाकाल, 6.19 लाख भक्तों ने किए दर्शन

शेषनाग और नाग-नागिन की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में सजाई गई नाग प्रतिमा, शेषनाग एवं नागकन्या की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। गाडरवारा से आए कलाकारों ने नाग-नागिन के रूप में सजकर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जमा रही। शोभायात्रा में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही। महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। वहीं पुरुष समाजजन पारंपरिक रूप से सिर पर टोपी धारण किए हुए नजर आए।
ये भी पढ़ें: दमोह का नसेनिया फॉल; यहां आएंगे तो देखते रह जाएंगे मनोरम नजारा, प्राकृतिक सौंदर्य और प्राचीनता का संगम
चौरसिया दिवस पर प्रतिष्ठान रहे बंद
चौरसिया दिवस के अवसर पर समाज के लोगों ने सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पर्व में सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकजुटता और धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया।












