Raipur: रैपिडो चालक ने महिला यात्री के 40 हजार के मोबाइल उड़ाए, पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

रायपुर: राजधानी रायपुर में रैपिडो से सफर कर रही महिला यात्री के मोबाइल चोरी करने वाले चालक को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भीम नगर में महिला जैसे ही अपना सामान लेकर वाहन से उतरी, चालक दो मोबाइल वाला बैग लेकर फरार हो गया। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।
ये भी पढ़ें: Raipur: नकटी प्रभावितों के न्याय की लड़ाई तेज, कांग्रेस का बड़ा ऐलान, पहले विधायक अनुज शर्मा के बंगले का होगा घेराव
भीम नगर में वारदात
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त की शाम करीब 4:15 बजे उसने सिविल लाइन की सिंचाई कॉलोनी से रैपिडो एप के जरिए वाहन बुक किया था। वह शास्त्री चौक और आमापारा चौक होते हुए भीम नगर पहुंची।
भारी बैग चालक के पैरों के पास रखा
फल खरीदने के बाद फलों से भरा बैग भारी होने के कारण महिला ने उसे वाहन चालक के पैरों के पास रख दिया था। इसी बैग में उसके दो मोबाइल फोन भी रखे थे। भीम नगर पहुंचने पर महिला वाहन से उतरी और सामान उठाने लगी।
सामान उठाते ही भाग निकला चालक
महिला के वाहन से उतरते ही चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका और दूसरी गली की ओर फरार हो गया। बैग में रखे दोनों मोबाइल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई।
CCTV और तकनीकी जांच बनी पुलिस की ताकत
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के संभावित आने-जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही रैपिडो एप से बुक किए गए वाहन और चालक से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई गई।
ये भी पढ़ें: Durg Bhilai: लोट्टे चोको पाई के एक बैच पर बैन, बच्चों की पसंदीदा बिस्किट पर खाद्य विभाग सख्त
तकनीकी सुराग से आरोपी की पहचान
लगातार जांच के दौरान पुलिस को रैपिडो वाहन चालक के संबंध में अहम सुराग मिले। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह के रूप में हुई।
पूछताछ में चोरी कबूली
पुलिस टीम ने नरेन्द्र सिंह को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने महिला यात्री के मोबाइल चोरी करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
तीन मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 2 मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया 1 मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।
चंद घंटों में गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक मामले में FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
ये भी पढ़ें: Raipur: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा,रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को बड़ी जिम्मेदारी
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र सिंह पिता दिनेश सिंह, उम्र 25 वर्ष है। वह मूल रूप से रामसागरपारा, थाना CSEB, जिला कोरबा का निवासी बताया गया है और वर्तमान में श्रीनगर, गुढ़ियारी, रायपुर में रह रहा था।












