झारखंड में सोरेन सरकार ने मानी छात्रों की मांग; JSSC CGL परीक्षाएं रद्द, TDPL के माध्यम से हुईं सभी भर्तियां भी होंगी कैंसिल

रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि एजेंसी TDPL(टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग लिमिटेड ) के माध्यम से आयोजित JSSC CGL समेत सभी परीक्षाओं और उनसे जुड़े परिणामों को रद्द कर दिया गया है। सरकार ने परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने का भी फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में होगी जांच
सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। यह कमेटी रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में काम करेगी और परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों की विस्तृत जांच करेगी। सरकार का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सभी सवालों और शिकायतों की वास्तविकता सामने आ सके।
24 दिनों से आंदोलन कर रहे थे छात्र
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में छात्र पिछले 24 दिनों से आंदोलन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया और अनियमितताओं को लेकर लगातार सरकार के सामने अपनी मांगें रख रहे थे। आंदोलन को समाप्त कराने के लिए मंत्रियों की टीम ने छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत भी की थी, लेकिन पिछली वार्ता किसी ठोस समाधान तक नहीं पहुंच सकी थी। इसके बाद सरकार की ओर से यह बड़ा फैसला सामने आया है।












