Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

न अस्पताल में मिला मास्क, न एंबुलेंस में थी ऑक्सीजन, सीधी में लापरवाही ने ली बैगा बच्चे की जान

सीधी के चुरहट सीएचसी से रीवा रेफर किए गए 6 वर्षीय बैगा आदिवासी बच्चे रोहित की रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन मास्क और 108 एंबुलेंस में पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप लगाया। सीएमएचओ ने एंबुलेंस व्यवस्था में सुधार नहीं होने की शिकायतों को स्वीकार करते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की बात कही।  
न अस्पताल में मिला मास्क, न एंबुलेंस में थी ऑक्सीजन, सीधी में लापरवाही ने ली बैगा बच्चे की जान
सीधी। मुन्नीबाई अपने बेटे के शव के साथ।

सीधी। जिले के चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था ने एक और मासूम की जान ले ली। कैमोर पहाड़ इलाके के 6 वर्षीय बैगा आदिवासी बच्चे रोहित की शुक्रवार सुबह रीवा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों का गंभीर आरोप है कि अस्पताल में आॅक्सीजन होने के बावजूद मास्क नहीं मिला, वहीं 108 एंबुलेंस में भी पर्याप्त आॅक्सीजन का अभाव था।

गुरुवार से हो रही थी सांस लेने में तकलीफ

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर रोहित को सांस लेने में तकलीफ होने पर उसकी मां मुन्नी बैगा चुरहट सीएचसी लेकर पहुंची थीं। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, रेफर की प्रक्रिया में 40 मिनट से अधिक समय बर्बाद हुआ। इस दौरान बच्चे को ऑक्सीजन देने के लिए मास्क तक नहीं मिला। ड्यूटी नर्स ने तलाश की, लेकिन व्यवस्था न होने पर मशीन से सीधे ऑक्सीजन देने की नाकाम कोशिश की गई।

ये भी पढ़ें: MP में चार वरिष्ठ IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, सभी संभालेंगे अपर आयुक्त राजस्व की जिम्मेदारी

रीवा पहुंचने से पहले तोड़ा दम

इसके बाद सीधी से बुलाई गई 108 एंबुलेंस भी डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, जिसमें न मास्क था और न ही पर्याप्त ऑक्सीजन। रीवा पहुंचने से पहले ही सुबह करीब 8 बजे मासूम ने दम तोड़ दिया।

सुविधाएं होती तो बच जाता मेरा बच्चा

अगर अस्पताल में मास्क मिल जाता और एंबुलेंस में पर्याप्त ऑक्सीजन होती, तो शायद मेरा बच्चा आज जिंदा होता। सरकारी दावों के बीच हमें सिर्फ लाचारी मिली।

मुन्नी बैगा, मृतक बच्चे की मां

ये भी पढ़ें: देवरी पिकनिक स्पॉट में फिर मौत का साया, हसदेव नदी में 3 युवक डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

कई बार पत्र लिखा पर सुधार नहीं हो रहा

जिले में एंबुलेंस की व्यवस्था काफी समय से खराब चल रही है। इस संबंध में पहले भी कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अब बड़े अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर मामले में सख्त जिम्मेदारी तय की जाएगी।

डॉ. अशोक खरे, सीएमएचओ, सीधी

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts