सीधी में चट्टान में देवी की आकृति दिखने के दावे के बाद उमड़े 5 हजार श्रद्धालु, 2 किमी लंबा जाम
सीधी। जिले की रामपुर नैकिन तहसील के छिरोही गांव स्थित भवरसेन पहाड़ पर एक चट्टान में देवी की प्राकृतिक आकृति उभरने के दावे के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सोमवार को अचानक करीब 5 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहाड़ी की ओर जाने वाले संकरे रास्ते पर दो किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा।
सपने में संकेत मिलने का युवक ने किया दावा
जानकारी के अनुसार, पीथमपुर में कार्यरत स्थानीय युवक बसंत लाल सिंह गोंड़ ने दावा किया कि उन्हें सपने में दिव्य संकेत मिले थे। इसके बाद गांव लौटने पर 15 अक्टूबर को उन्हें 300 से 400 फीट ऊंची पहाड़ी पर नीम के पेड़ के नीचे एक पत्थर दिखाई दिया। ग्रामीणों का मानना है कि पत्थर के निचले हिस्से में आंख और नाक जैसी आकृति दिखाई देती है। श्रद्धालु इसे काली माता का स्वरूप मानकर पूजा कर रहे हैं। नवरात्रि की अष्टमी से शुरू हुआ यह सिलसिला अब बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के साथ चर्चा का विषय बन गया है।
संकरे और पथरीले रास्ते पर हादसे का खतरा
भवरसेन पहाड़ तक पहुंचने का रास्ता संकरा, पथरीला और दुर्गम है। ऐसे में श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर चढ़ने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने खड़ी चढ़ाई पर फिसलने और गंभीर दुर्घटनाएं होने की आशंका जताई है। भीड़ बढ़ने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के बाद तहसीलदार आशीष मिश्रा और रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
वन भूमि पर खुलीं 12 से अधिक दुकानों को हटाने की कार्रवाई
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच वन भूमि पर 12 से अधिक दुकानें अवैध रूप से खुलने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग ने इन दुकानों को हटाने के लिए बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर व्यवस्था संभाल रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और पहाड़ी पर चढ़ते समय सावधानी बरतें।
सीधी में संदिग्ध भोजन खाने से एक ही परिवार के 5 सदस्य बीमार, दो बच्चों की हालत गंभीर
सुरक्षा के लिए पुलिस और वन विभाग का अमला तैनात
रामपुर नैकिन के तहसीलदार आशीष मिश्रा के अनुसार, व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए मौके पर आठ पुलिसकर्मियों और वन विभाग के अमले को तैनात किया गया है। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।























