सीधी में संदिग्ध भोजन खाने से एक ही परिवार के 5 सदस्य बीमार, दो बच्चों की हालत गंभीर

सीधी। जिले के शिवपुरवा गांव में शनिवार रात संदिग्ध भोजन खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। यहां दो मासूम बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है, हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कोदई, लौकी की सब्जी और सूअर का मांस खाया था
पीड़ित गोविंद बंसल (52) के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे परिवार के सदस्यों ने एक साथ भोजन किया था। खाने में कोदई, लौकी की सब्जी और सूअर का मांस शामिल था। भोजन करने के लगभग एक घंटे बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते परिवार के पांच सदस्य बीमार पड़ गए।
रात 2 बजे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने पर रात करीब 2 बजे एंबुलेंस को सूचना दी गई। इसके बाद 108 एंबुलेंस की दो गाड़ियों की मदद से सभी बीमारों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। बीमारों में गोविंद बंसल (52), सुमित बंसल (50), अन्मिका बंसल (2), श्तेंद बंसल और राम बंसल शामिल हैं।अस्पताल में भर्ती दो बच्चों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं और सभी मरीजों का उपचार जारी है।
सीधी के खुटेली में स्कूल की जमीन पर रातों-रात तान दीं 30 झोपड़ियां, अफसरों ने हटवाए अवैध कब्जे
जांच के बाद स्पष्ट होगा बीमारी का कारण
सीधी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार के सदस्यों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी।




















